IND vs WI: भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का आगाज 27 सितंबर से होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरा वनडे 30 सितंबर को गुवाहाटी में होगा, जबकि तीसरा और आखिरी मुकाबला 3 अक्टूबर को न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। इस सीरीज में भारतीय टीम के अनुभवी ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) के पास बल्ले से एक खास उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा।

Advertisement

37 साल के रवींद्र जडेजा ने अब तक 210 वनडे इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं। इस दौरान उन्होंने गेंदबाजी में 232 विकेट हासिल किए हैं, जबकि बल्ले से 32.27 की औसत से 2905 रन बनाए हैं। अब वह वनडे क्रिकेट में एक खास आंकड़ा छूने से सिर्फ 95 रन दूर हैं।

अगर जडेजा वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में 95 रन बना लेते हैं, तो उनके वनडे करियर में 3000 रन पूरे हो जाएंगे। इसके साथ ही वह 200 से ज्यादा विकेट और 3000 से ज्यादा रन बनाने वाले दुनिया के चुनिंदा ऑलराउंडर्स के क्लब में शामिल हो जाएंगे।

जडेजा से पहले सिर्फ एक भारतीय खिलाड़ी इस खास उपलब्धि तक पहुंच पाया है। वह नाम भारत के महान ऑलराउंडर कपिल देव का है। कपिल देव ने अपने वनडे करियर में 253 विकेट लेने के साथ 3783 रन भी बनाए थे। ऐसे में जडेजा अगर 3000 रन पूरे कर लेते हैं, तो वह कपिल देव के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले दूसरे भारतीय बन जाएंगे।

दुनिया की बात करें तो जडेजा इस खास क्लब में शामिल होने वाले 11वें खिलाड़ी होंगे। इस लिस्ट में पाकिस्तान के वसीम अकरम, शाहिद अफरीदी और इमरान खान, साउथ अफ्रीका के शॉन पोलॉक और जैक्स कालिस, श्रीलंका के सनथ जयसूर्या, बांग्लादेश के शाकिब अल हसन और न्यूजीलैंड के क्रिस हैरिस और क्रिस केर्न्स जैसे दिग्गज ऑलराउंडर शामिल हैं।

वनडे में 200 से ज्यादा विकेट और 3000 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी:

  1. वसीम अकरम: 502 विकेट, 3717 रन
  2. शाहिद अफरीदी: 395 विकेट, 8064 रन
  3. शॉन पोलॉक: 393 विकेट, 3519 रन
  4. सनथ जयसूर्या: 323 विकेट, 13430 रन
  5. शाकिब अल हसन: 317 विकेट, 7570 रन
  6. जैक्स कालिस: 273 विकेट, 11579 रन
  7. इमरान खान: 269 विकेट, 5080 रन
  8. कपिल देव: 253 विकेट, 3783 रन
  9. क्रिस हैरिस: 203 विकेट, 4379 रन
  10. क्रिस केर्न्स: 201 विकेट, 4950 रन
Also Read: LIVE Cricket Score

हालांकि, वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे क्रिकेट में उनका बल्ला अब तक कुछ खास नहीं चला है। उन्होंने कैरेबियाई टीम के खिलाफ 32 वनडे मुकाबले खेले हैं, जिसमें 19.93 की औसत से 299 रन बनाए हैं। ऐसे में देखना होगा कि क्या वह इस सीरीज में यह खास मुकाम हासिल कर पाते हैं या नहीं।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार