Rishabh Pant Record: भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत (Rishabh Pant) ने कोलंबो टेस्ट (SL vs IND 2nd Test) के दूसरे दिन 89 गेंदों पर 6 चौके 2 छक्के लगाकर 63 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। गौरतलब है कि इसी के साथ उन्होंने शुभमन गिल (Shubman Gill) का एक खास रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम कर लिया है।
WTC में भारत के नंबर-1 बल्लेबाज़: ऋषभ पंत एक बेहद ही अटैकिंग बैटर हैं जो कि कोलंबो टेस्ट में हाफ सेंचुरी लगाकर अब वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में अपने 2,948 रन पूरे कर चुके हैं। उन्होंने 42 मैचों की 74 पारियों में ये कारनामा किया। खास बात ये है कि अब वो WTC में भारत के लिए सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी भी बन गए हैं। उन्होंने शुभमन गिल को पछाड़कर ये रिकॉर्ड बनाया है।
वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में सबसे ज्यादा रन
- ऋषभ पंत - 42 मैचों की 74 पारियों में 2,948 रन
- शुभमन गिल - 42 मैचों की 76 पारियों में 2,917 रन
- रोहित शर्मा - 40 मैचों की 69 पारियों में 2,716 रन
- रविंद्र जडेजा - 50 मैचों की 76 पारियों में 2,675 रन
- विराट कोहली - 46 मैचों की 79 पारियों में 2,617 रन
ये भी जान लीजिए कि ऋषभ पंत टेस्ट क्रिकेट में 102 छक्के लगा चुके हैं और टेस्ट इंटरनेशनल में दुनिया के तीसरे सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ हैं। उन्होंने एडम गिलक्रिस्ट को पीछे छोड़कर ये पायदान हासिल किया है। इस लिस्ट में उनसे ऊपर सिर्फ इंग्लैंड के बेन स्टोक्स (138 छक्के) और न्यूजीलैंड के ब्रैंडन मैक्कुलम (107 छक्के) हैं।
मैच का हाल: भारतीय टीम ने कोलंबो टेस्ट के दूसरे दिन दमदार प्रदर्शन किया और 9 विकेट के नुकसान पर 503 रन बनाकर अपनी पहली पारी घोषित की। इतना ही नहीं, दूसरे दिन के खेल के अंत तक उन्होंने श्रीलंका को 8 रन के स्कोर तक 2 बड़े झटके भी दिए। टीम इंडिया के गेंदबाज़ों ने सिर्फ 3 ओवर में ये सफलता हासिल की। ऐसे में ये कहना गलत नहीं होगा कि फिलहाल टीम इंडिया कोलंबो टेस्ट में आगे दिख रही है।
ऐसी है दोनों टीमें
भारत प्लेइंग इलेवन: यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रविंद्र जडेजा, मानव सुथार, सारांश जैन, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
Also Read: LIVE Cricket Score
श्रीलंका प्लेइंग इलेवन: लाहिरु उदारा, कामिल मिशारा, पसिंदु सूरियाबंडारा, कामिंदु मेंडिस, धनंजय डी सिल्वा (कप्तान), सोनल दिनुषा, निरोशन डिकवेला (विकेटकीपर), केशारा नुवंथा, प्रभात जयसूर्या, लाहिरु कुमारा, असीथा फर्नांडो।