Rishabh Pant Set to Complete 100 Sixes in Test: भारत और अफगानिस्तान के बीच शनिवार (6 जून) से न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, मुल्लांपुर में एकमात्र टेस्ट मैच खेला जाएगा। इस मुकाबले में भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पर सभी की नजरें रहने वाली हैं। पंत के पास इस मैच में एक ऐसा रिकॉर्ड बनाने का मौका है, जिसे अभी तक कोई भी भारतीय बल्लेबाज अपने नाम नहीं कर सका है।
आईपीएल 2026 में ऋषभ पंत का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था। उन्होंने 14 मैचों में 312 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 138.05 रहा। हालांकि टेस्ट क्रिकेट हमेशा से पंत का पसंदीदा फॉर्मेट रहा है और लाल गेंद के क्रिकेट में उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। ऐसे में अफगानिस्तान के खिलाफ वह जोरदार वापसी करने के इरादे से मैदान पर उतरेंगे।
दरअसल, ऋषभ पंत इस समय टेस्ट क्रिकेट में 94 छक्के लगा चुके हैं। उन्हें 100 छक्कों के आंकड़े तक पहुंचने के लिए सिर्फ 6 छक्कों की जरूरत है। अगर वह इस मैच में छह छक्के लगाने में सफल रहते हैं तो टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के पूरे करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। वहीं ऑवरऑल वह टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले सिर्फ चौथे खिलाड़ी बनेंगे।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड फिलहाल इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स 133 छक्कों के पास है। उनके बाद ब्रेंडन मैकुलम (107 छक्के) और एडम गिलक्रिस्ट (100 छक्के) का नाम शामिल है।
टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी:
- बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) 133 छक्के
- ब्रेंडन मैकुलम (न्यूजीलैंड) 107 छक्के
- एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया 100 छक्के
- टिम साउदी (न्यूजीलैंड) 98 छक्के
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) 98 छक्के
- जैक्स कालिस (साउथ अफ्रीका) 97 छक्के
- ऋषभ पंत (भारत) 94 छक्के
इस मुकाबले में पंत के पास एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करने का मौका होगा। उनके करियर का यह 50वां टेस्ट मैच होगा जिसमें वह बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज खेलेंगे। इसके साथ ही वह भारत के लिए 50 या उससे ज्यादा टेस्ट मैच बतौर नामित विकेटकीपर बल्लेबाज खेलने वाले केवल तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस खास एलिट लिस्ट में सबसे ऊपर पूर्व भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी हैं, जिन्होंने अपने करियर में 90 टेस्ट मैच विकेटकीपर बल्लेबाज के रूप में खेले। दूसरे स्थान पर सैयद किरमानी हैं, जिन्होंने 88 टेस्ट मैचों में यह जिम्मेदारी निभाई थी। अब ऋषभ पंत इस प्रतिष्ठित क्लब में शामिल होने जा रहे हैं।