IPL 2026, Mumbai Indians vs Kolkata Knight Riders Highlights: IPL 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने कोलकाता नाइट राइडर्स को 6 विकेट से हराकर 14 साल बाद अपने ओपनिंग मैच में जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए KKR ने 220 रन बनाए, लेकिन रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन की धमाकेदार पारियों के सामने यह स्कोर छोटा साबित हुआ। मुंबई ने 5 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
रविवार (29 मार्च) को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत तेज रही। कप्तान अजिंक्य रहाणे और फिन एलन ने पहले विकेट के लिए 32 गेंदों में 69 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दी। फिन एलन ने 17 गेंदों में 37 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि रहाणे ने 40 गेंदों में 67 रन बनाए, जिसमें 3 चौके और 5 छक्के शामिल रहे।
मध्यक्रम में अंगकृष रघुवंशी ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 29 गेंदों में 51 रन बनाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। आखिरी ओवरों में रिंकू सिंह ने 21 गेंदों में नाबाद 33 रन ठोकते हुए टीम को 20 ओवर में 220 रन तक पहुंचाया।
मुंबई इंडियंस की ओर से गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर सबसे सफल रहे और उन्होंने 3 विकेट झटके। कप्तान हार्दिक पांड्या को 1 विकेट मिला।
221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत धमाकेदार रही। रोहित शर्मा और रयान रिकेल्टन ने पहले विकेट के लिए 72 गेंदों में 148 रन की शानदार साझेदारी कर मैच को पूरी तरह मुंबई की ओर मोड़ दिया। रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 78 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 6 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। वहीं रयान रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 81 रन ठोके, जिसमें 4 चौके और 8 छक्के शामिल रहे।
अंत में कप्तान हार्दिक पांड्या ने 11 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया और मुंबई इंडियंस ने 5 गेंद शेष रहते लक्ष्य हासिल कर लिया।
कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से वैभव अरोड़ा, सुनील नारायण और कार्तिक त्यागी ही 1-1 विकेट ले सके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से मुकाबला अपने नाम किया और 2012 के बाद लगातार 13 हार के बाद आईपीएल के ओपनिंग मैच में जीत दर्ज की।