England vs India 2nd ODI: भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा वनडे मुकाबला गुरुवार (16 जुलाई) को कार्डिफ के सोफिया गार्डन्स मैदान पर खेला जा रहा है। इस मैच में भारतीय अनुभवी स्टार बल्लेबाज रोहित शर्मा (Rohit Sharma) भले ही बड़ी पारी नहीं खेल पाए, लेकिन उन्होंने अपनी 47 गेंदों में 26 रन की पारी के दौरान इतिहास जरूर रच दिया।
रोहित को इस मुकाबले से पहले वनडे क्रिकेट में विदेशी सरजमीं पर बतौर ओपनर 5000 रन पूरे करने के लिए सिर्फ 12 रन की जरूरत थी। उन्होंने यह आंकड़ा आसानी से पार कर लिया और इसी के साथ वह सचिन तेंदुलकर और सौरव गांगुली के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले सिर्फ तीसरे भारतीय ओपनर बन गए।
कार्डिफ में खेला गया यह मुकाबला रोहित शर्मा के करियर का बतौर ओपनर विदेशी सरजमीं पर 112वां वनडे मैच था। इस दौरान उन्होंने 52.05 की शानदार औसत से 5014 रन पूरे कर लिए हैं। विदेशी परिस्थितियों में इस तरह की निरंतरता दिखाना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता और यही वजह है कि रोहित भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल ओपनरों में गिने जाते हैं।
विदेशी सरजमीं पर बतौर ओपनर सबसे ज्यादा वनडे रन बनाने का रिकॉर्ड महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के नाम दर्ज है। सचिन ने भारत से बाहर 220 वनडे मैचों में ओपनिंग करते हुए 9243 रन बनाए थे। इस लिस्ट में दूसरे स्थान पर श्रीलंका के विस्फोटक बल्लेबाज सनथ जयसूर्या हैं, जिन्होंने 9045 रन बनाए। भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली इस सूची में 6400 रन के साथ चौथे स्थान पर मौजूद हैं, जबकि अब रोहित शर्मा 5000 रन का आंकड़ा पार कर इस खास क्लब का हिस्सा बन चुके हैं।
विदेशी सरजमीं पर बतौर ओपनर सबसे ज्यादा वनडे रन
- सचिन तेंदुलकर (भारत) – 9243 रन
- सनथ जयसूर्या (श्रीलंका) – 9045 रन
- सईद अनवर (पाकिस्तान) – 6608 रन
- सौरव गांगुली (भारत) – 6400 रन
- क्रिस गेल (वेस्टइंडीज) – 6173 रन
- डेसमंड हेन्स (वेस्टइंडीज) – 6075 रन
- एडम गिलक्रिस्ट (ऑस्ट्रेलिया) – 5368 रन
- रोहित शर्मा (भारत) – 5014 रन
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। इंग्लैंड ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो बदलाव करते हुए लियाम डॉसन और जोश टंग की जगह साकिब महमूद और गस एटकिंसन को मौका दिया गया है। वहीं भारतीय टीम में भी एक बदलाव हुआ है। विकेटकीपर बल्लेबाज केएल राहुल बुखार के चलते इस मुकाबले का हिस्सा नहीं बन सके और उनकी जगह ईशान किशन को प्लेइंग इलेवन में शामिल किया गया है।