आईपीएल 2026 के तीसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से हो रहा है और वानखेड़े स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच के दौरान रोहित शर्मा के लिए एक ऐसा पल आया जिसे वो कभी भी याद नहीं करना चाहेंगे। हिटमैन ने बाउंड्री पर एक आसान सा कैच टपका दिया और उनके इस कैच ड्रॉप के बाद चौका भी चला गया।
इससे पहले आईपीएल 2026 के पहले मैच में जब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद की टीमें आमने-सामने थीं तो उस मैच में विराट कोहली ने भी बेंगलुरु में आसान सा कैच छोड़ दिया था। ये घटना KKR की पारी के 15वें ओवर में हुई, जब अल्लाह ग़ज़नफ़र अपने स्पेल का आखिरी ओवर फेंक रहे थे। रन बनाना मुश्किल हो रहा था, इसलिए अंगकृष ने बाउंड्री पार करके रनों की गति बढ़ाने की कोशिश की।
उन्होंने इस ओवर में छक्का लगाने की कोशिश की मगर गेंद और बल्ले का कनेक्शन अच्छे से नहीं हुआ जिसके चलते गेंद हवा में काफी ऊपर चली गई। लॉन्ग-ऑन पर खड़े रोहित शर्मा कैच लेने के लिए गेंद के नीचे सही जगह पर पहुंच गए थे लेकिन, मुंबई इंडियंस के पूर्व कप्तान ने गेंद का अंदाज़ा लगाने में पूरी तरह से गलती कर दी और कैच छोड़ दिया। वो बाउंड्री रोप से करीब एक फुट अंदर खड़े थे और आसानी से एक कदम पीछे हटकर कैच पूरा कर सकते थे लेकिन उनकी गलती से ये कैच तो छूटा ही लेकिन उन्होंने बाउंड्री भी दे दी। उनके इस ड्रॉप का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस मैच की बात करें तो कोलकाता नाइट राइडर्स के बल्लेबाजों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए बड़ा स्कोर खड़ा किया। फिन एलन और अजिंक्य रहाणे ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, वहीं मध्य ओवरों में अंगकृष रघुवंशी ने भी अर्धशतक जमाया। अंत में रिंकू सिंह ने तेज रन जोड़ते हुए टीम के स्कोर को 220 तक पहुंचाया। मुंबई इंडियंस के लिए गेंदबाजी में शार्दुल ठाकुर सबसे सफल रहे और उन्होंने 4 ओवर में 39 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा कप्तान हार्दिक पांड्या को भी 1 विकेट मिला।