IND vs NZ 1st ODI: भारत और न्यूजीलैंड के बीच बुधवार (4 नवंबर) को ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में रोहित शर्मा (Rohit Sharma) बल्ले से कुछ खास नहीं कर पाए। रोहित महज 6 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर (Mitchell Santner) ने शानदार डाइविंग कैच लेकर जल्दी ही उनकी पारी का अंत कर दिया।

न्यूजीलैंड की टीम को सस्ते में समेटने के बाद भारतीय टीम इस मुकाबले में 186 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी थी। लक्ष्य ज्यादा बड़ा नहीं था और ऐसे में रोहित शर्मा के पास क्रीज पर समय बिताकर खुद को सेट करने का अच्छा मौका था। लेकिन न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज काइल जैमीसन ने पहले ही ओवर में उन्हें काफी परेशान किया और आसानी से रन बनाने का मौका नहीं दिया।

पहले ओवर की आखिरी गेंद जैमीसन ने ऑफ स्टंप के बाहर फुल लेंथ पर डाली। रोहित ने इस गेंद पर ड्राइव लगाने की कोशिश की, लेकिन उनका शॉट हवा में चला गया। गेंद मिड ऑफ की दिशा में गई, जहां न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर तैनात थे। सेंटनर ने तेजी से आगे की ओर डाइव लगाई और जमीन के करीब जाती गेंद को शानदार तरीके से लपक लिया।

VIDEO:

रोहित इस तरह अपने वनडे करियर में पहली बार न्यूजीलैंड के खिलाफ शून्य पर आउट हुए। वहीं करीब तीन साल से ज्यादा समय बाद वह वनडे क्रिकेट में डक पर पवेलियन लौटे। इससे पहले वह 7 अक्टूबर 2023 को चेन्नई में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे वर्ल्ड कप के शुरुआती मुकाबले में बिना खाता खोले आउट हुए थे।

मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 40.2 ओवर में 185 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इसके बाद बारिश के कारण भारतीय पारी प्रभावित हुई और डकवर्थ-लुईस-स्टर्न (DLS) नियम के तहत टीम इंडिया को 32 ओवर में 143 रन का लक्ष्य मिला।

Also Read: LIVE Cricket Score

लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के लिए विराट कोहली ने 51 गेंदों में 74 रन की बेहतरीन पारी खेली। कोहली की इस शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने 22.4 ओवर में ही पांच विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार