'मेरी क्या राय है उससे फर्क नहीं पड़ता, सीज़न खत्म हो चुका है' बेटे अर्जुन पर बात करते हुए बोले सचिन तेंदुलकर

Updated: Wed, May 25 2022 13:21 IST
Cricket Image for 'मेरी क्या राय है, उससे फर्क नहीं पड़ता। सीज़न खत्म हो चुका है' बेटे अर्जुन पर बात (Image Source: Google)

Sachin Tendulkar and Arjun Tendulkar: IPL 2022 में मुंबई इंडियंस का प्रदर्शन बेहद ही निराशाजनक रहा है। रोहित शर्मा की कप्तानी में पांच बार आईपीएल का खिताब अपने नाम करने वाली MI की टीम इस सीज़न 5 मुकाबले तक नहीं जीत सकी। लेकिन इसके बावजूद युवा ऑलराउंडर अर्जुन तेंदुलकर को टीम की तरफ से डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका। अब दिग्गज बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने खुलकर इस पर अपने मन की बात कही है और फैंस को बताया है कि अर्जुन के लिए राह काफी मुश्किल होने वाली है और उन्हें कड़ी मेहनत करनी ही होगी।

सचिन तेंदुलकर ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक वीडियो अपलोड किया है, जिसमें वह फैंस के सवालों का जवाब देते नज़र आ रहे हैं। इसी बीच एक फैन ने उनसे अर्जुन तेंदुलकर के डेब्यू पर भी सवाल किया जिसके बाद मास्टर ब्लास्टर ने जवाब देते हुए कहा, 'ये अलग सवाल है। मैं क्या सोचता हूं या मुझे क्या फील होता है ये बिल्कुल भी जरुरी नहीं है। वैसे भी अब सीज़न खत्म हो चुका है।'

दिग्गज बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर ने बात करते हुए आगे कहा कि वह मुंबई इंडियंस के सेलेक्शन में बिल्कुल भी दखल नहीं देते हैं। वह इन सब की जिम्मेदारी टीम और मैनेजमेंट पर ही छोड़ते है। क्योंकि वह इसी तरह से अपना काम करना पसंद करते हैं।

सचिन ने अपने बेटे अर्जुन के साथ होने वाली बातचीत पर भी प्रकाश डाला। वह बोले, 'मैं हमेशा अर्जुन को यही बताता हूं कि रास्ता मुश्किल और चुनौतीपूर्ण होने वाला है। तुमने क्रिकेट खेलना शुरू किया था क्योंकि तुम्हें इस खेल से प्यार है। अगर आप लगातार मेहनत करते रहोगे तो रिजल्ट जरूर आएंगे'

Also Read: आईपीएल 2022 - स्कोरकार्ड

बता दें कि मेगा ऑक्शन में मुंबई इंडियंस ने अर्जुन तेंदुलकर को 30 लाख रुपये में खरीदा था, लेकिन उन्हें डेब्यू करने का मौका नहीं मिल सका। गौरतलब है कि अर्जुन ने अब तक अपनी घरेलू टीम मुंबई के लिए डोमेस्टिक सीज़न में सिर्फ 2 ही टी20 मुकाबले खेले हैं।

ये भी पढ़े: 3 खिलाड़ी जिन्हें चेन्नई सुपर किंग्स IPL 2023 के ऑक्शन में खरीद सकती है

TAGS

संबंधित क्रिकेट समाचार

सबसे ज्यादा पढ़ी गई खबरें