Sachindu Colombage Bowled Joe Root: इंग्लैंड और श्रीलंका (ENG vs SL 1st ODI) के बीच वनडे सीरीज का पहला मुकाबला मंगलवार (22 सितंबर) को चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जा रहा है। इस मुकाबले में श्रीलंका के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू कर रहे सचिन्दु कोलोम्बेज ने इंग्लैंड के अनुभवी दिग्गज बल्लेबाज जो रूट को अपनी स्पिन में फंसाकर पहला विकेट झटका।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड के लिए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए जो रूट अच्छी लय में नजर आ रहे थे। वह धीरे-धीरे अपनी पारी को आगे बढ़ा रहे थे और अर्धशतक के करीब पहुंच चुके थे। इसी दौरान श्रीलंका की ओर से अपना पहला इंटरनेशनल मुकाबला खेल रहे 28 वर्षीय युवा लेग स्पिनर सचिन्दु कोलोम्बेज ने पारी के 23वें ओवर की तीसरी गेंद पर अपना पहला विकेट हासिल किया और वह भी जो रूट जैसे दिग्गज बल्लेबाज का।
कोलोम्बेज ने इस गेंद को ऑफ और मिडिल स्टंप की लाइन पर थोड़ा फुलर लेंथ पर रखा। रूट ने गेंद को बैकफुट से खेलने की कोशिश की, लेकिन वह क्रीज पर ही फंस गए। गेंद पिच पर पड़ने के बाद पहले तेजी से आगे निकली और रूट को चकमा देते हुए सीधे स्टंप्स से जा टकराई। इस तरह रूट की पारी 52 गेंदों में 44 रन पर खत्म हो गई और इंग्लैंड को 135 रन के स्कोर पर तीसरा झटका लगा।
VIDEO:
सचिन्दु कोलोम्बेज के लिए यह विकेट इसलिए भी खास रहा, क्योंकि इंटरनेशनल क्रिकेट में यह उनका पहला विकेट था और उन्होंने अपने डेब्यू मैच में ही जो रूट जैसे अनुभवी बल्लेबाज को अपना शिकार बनाया।
Also Read: LIVE Cricket Score
सचिन्दु कोलोम्बेज के लिस्ट ए करियर की बात करें तो उन्होंने अब तक 45 मुकाबलों में 22.55 की औसत और 4.46 की इकॉनमी रेट से 69 विकेट हासिल किए हैं। अब इंटरनेशनल क्रिकेट में मिले इस मौके के बाद उनकी नजरें अपने प्रदर्शन को आगे भी जारी रखने पर होंगी।
टीमें इस मैच के लिए
इंग्लैंड (Playing XI): बेन डकेट, टॉम बैंटन, जो रूट, हैरी ब्रूक (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर), विल जैक्स, रेहान अहमद, जेमी ओवरटन, गस एटकिंसन, जोफ्रा आर्चर, जोश टंग।
श्रीलंका (Playing XI): पथुम निसांका, कामिंडु मेंडिस, कुसल मेंडिस (विकेटकीपर/कप्तान), पवन रत्नायके, चरिथ असलंका, जनिथ लियानगे, दुनिथ वेलालागे, दिलशान मदुंशका, सचिन्दु कोलोम्बेज, असिथा फर्नांडो, दुष्मंथा चमीरा।