T20 World Cup 2026, Pakistan vs USA Highlights: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 12वें मुकाबले में पाकिस्तान ने यूएसए पर शानदार 32 रन की जीत दर्ज की। टॉस हारकर बल्लेबाज़ी करते हुए साहिबजादा फरहान की विस्फोटक अर्धशतकीय पारी ने टीम को 190 रन के मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करते हुए यूएसए ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन 158 रन तक ही पहुंच सकी।
मंगलवार (10 फरवरी) को सिंहली स्पोर्ट्स क्लब, कोलंबो में खेले गए इस मुकाबले में यूएसए के कप्तान मोनांक पटेल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनी। पाकिस्तान की शुरुआत कुछ खास नहीं रही और सैम अयूब 19 रन बनाकर जल्दी आउट हो गए। कप्तान सलमान अली आगा भी सिर्फ 1 रन जोड़कर पवेलियन लौटे।
इसके बाद साहिबजादा फरहान ने मोर्चा संभालते हुए बाबर आज़म के साथ दूसरे विकेट के लिए 81 रन की अहम साझेदारी निभाई। फरहान ने आक्रामक अंदाज़ में 41 गेंदों में 73 रन ठोके, जिसमें 6 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। दूसरी ओर बाबर आज़म ने संयम दिखाते हुए 32 गेंदों में 46 रन बनाए।
अंत के ओवरों में शादाब खान ने सिर्फ 12 गेंदों में 30 रन जोड़ दिए। उनकी तेज़तर्रार पारी की बदौलत पाकिस्तान ने निर्धारित 20 ओवर में 190 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
यूएसए की ओर से शैडली वैन शल्कविक ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 4 विकेट झटके, जबकि हरमीत सिंह, सौरभ नेत्रावलकर और मोहम्मद मोहसिन को एक-एक सफलता मिली।
190 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएसए को एंड्रीस गूस और शयान जहांगीर ने ठीक-ठाक शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 42 रन जोड़े, लेकिन गूस 13 रन बनाकर आउट हो गए। शयान जहांगीर ने 34 गेंदों में 49 रन की उपयोगी पारी खेली, मगर कप्तान मोनांक पटेल सिर्फ 3 रन बनाकर चलते बने।
मध्यक्रम में मिलिंद कुमार और शुभम रंजने ने चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़कर मुकाबले में वापसी की कोशिश की, लेकिन मिलिंद कुमार (24) की विकेट जाने के बाद फिर से उम्मीदें टूट गई। शुभम रंजने ने जरुर एक झोर संभालते हुए 30 गेंदों में 51 रन की अर्धशतकीय पारी खेली, लेकिन सामने से कुछ खास साथ नहीं मिला और टीम 158 रन तक ही पहुंच सकी।
पाकिस्तान की ओर से उस्मान तारिक ने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए 3 विकेट झटके। शादाब खान को 2 सफलता मिली, जबकि मोहम्मद नवाज़, शाहीन अफरीदी और अबरार अहमद ने भी एक-एक विकेट अपने नाम किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
कुल मिलाकर पाकिस्तान ने 32 रन से यह मुकाबला जीतकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की और 4 अंकों के साथ अंकतालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया।