वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 7 रन से हराकर फाइनल में जगह बना ली। गुरुवार को वानखेड़े स्टेडियम में ये मैच देखने के लिए कई बॉलीवुड स्टार्स और पूर्व क्रिकेटर्स भी शामिल हुए जिसमें पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी और पत्नी साक्षी भी शामिल रहीं। इस मैच के बाद साक्षी और धोनी का एक वीडियो भी काफी वायरल हो रहा है।
दरअसल, हुआ ये कि साक्षी को लगा कि बुमराह ने सैम करन को कैच आउट कर दिया है जिसके बाद वो एक्साइटमेंट में विकेट समझकर उछल पड़ीं लेकिन धोनी ने उन्हें शांत रहने के लिए कहा। ये घटना इंग्लैंड के चेज़ के 18वें ओवर में हुई। जसप्रीत बुमराह ने सैम करन को एक फुल बॉल डाली और करन के बल्ले से गेंद लगने के बाद बम्प बॉल होकर सीधे बॉलर के पास चली गई।
साक्षी को लगा कि बुमराह ने करन को आउट कर दिया है और वो एक्साइटमेंट में उछलीं और चिल्लाईं, लेकिन धोनी को पता था कि वो आउट नहीं थ और उन्होंने उन्हें शांत किया और समझाया कि क्या हुआ। इस मजेदार नजारे का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिसे आप नीचे देख सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस मैच की बात करें तो 254 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड ने भी आक्रामक शुरुआत की और पावरप्ले में 68 रन जोड़ दिए। हालांकि फिल साल्ट (5), कप्तान हैरी ब्रूक (7) और जोस बटलर (25) जल्दी-जल्दी आउट हो गए। इसके बाद जैकब बेथेल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड की उम्मीदें जिंदा रखीं। बेथेल ने पहले विल जैक्स (35) और फिर सैम करन (18) के साथ अहम साझेदारियां कीं। उन्होंने 48 गेंदों में 8 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 105 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि आखिरी ओवर में इंग्लैंड को जीत के लिए 30 रन की जरूरत थी और टीम 246 रन तक ही पहुंच सकी। भारत के लिए गेंदबाजी में हार्दिक पांड्या ने 2 विकेट झटके। इसके अलावा अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह ने भी 1-1 विकेट हासिल किया।