मेजर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का आठवां मुकाबला लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स और सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के बीच बुधवार (19 जुलाई) को ग्रैंड प्रेयरी स्टेडियम, डलास में खेला गया जिसे आरोन फिंच की कप्तानी वाली यूनिकॉर्न्स ने 21 रन से जीत लिया। ये यूनिकॉर्न्स की इस टूर्नामेंट में 3 मैचों में दूसरी जीत है जबकि इस टूर्नामेंट में अब तक नाइट राइडर्स का प्रदर्शन बेहद खराब रहा है और सुनील नारायण की अगुवाई में नाइट राइडर्स की टीम लगातार तीन मुकाबले हार चुकी है।

Advertisement

इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए यूनिकॉर्न्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 7 विकेट के नुकसान पर 212 रनों का विशाल स्कोर बनाया और नाइट राइडर्स के सामने एक मुश्किल चुनौती रखी। यूनिकॉर्न्स को इस स्कोर तक पहुंचाने में ओपनर मैथ्यू वेड ने अहम भूमिका निभाई। वेड ने 41 गेंदों में 7 चौकों और 5 छक्कों की मदद से 78 रनों की आतिशी पारी खेली। वेड के अलावा मार्कस स्टोइनिस और कोरी एंडरसन ने भी 37 और 39 रनों का योगदान दिया।

Advertisement

वहीं, नाइट राइडर्स के लिए गेंदबाजी में एडम जैम्पा ने सबसे ज्यादा 3 विकेट चटकाए। इसके बाद जब नाइट राइडर्स की टीम 212 रनों का पीछा करने उतरी तो उन्हें आतिशी शुरुआत की दरकार थी और उन्मुक्त चंद और जेसन रॉय की जोड़ी ने पहले 4.4 ओवरों में ही 55 रन जोड़कर अपनी टीम को ये शुरुआत दिलाई भी। जेसन रॉय ने पावरप्ले में ही 21 गेंदों में 45 रनों की धुआंधार पारी खेली लेकिन हारिस रऊफ ने उन्हें क्लीन बोल्ड करके यूनिकॉर्न्स को पहली सफलता दिलाई।

इसके बाद नितिश कुमार ने भी 23 गेंदों में 31 रनो की पारी खेली। लेकिन उनकी और उन्मुक्त चंद के बीच हुई साझेदारी में वो रफ्तार नहीं देखने को मिली जिसकी नाइट राइडर्स को दरकार थी। इन दोनों की साझेदारी टूटी तो नाइट राइडर्स की उम्मीदें भी टूट गई क्योंकि राइली रूसो और जसकरण मल्होत्रा 8 और 7 रन बनाकर आउट हो गए। अंत में आंद्रे रसल और सुनील नारायण ने अपनी टीम की नैय्या को पार लगाने की बहुत कोशिश की मगर वो भी अपनी टीम को हार से ना बचा पाए। रसल ने अंत तक नाबाद रहते हुए 26 गेंदों में 42 रन बनाए जबकि नारायण ने भी अंत तक नाबाद रहते हुए 17 गेंदों में 28 रन बनाए। इन दोनों की बदौलत ही नाइट राइडर्स 212 के थोड़ा करीब पहुंच पाई। अंत में निर्धारित 20 ओवरों में नाइट राइडर्स की टीम 191 रन ही बना पाई और ये मैच 21 रन से हार गई.

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार