Sanju Samson Record: भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज़ संजू सैमसन (Sanju Samson) ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 (ICC T20 World Cup 2026) में बेहद ही शानदार प्रदर्शन किया और सिर्फ 5 मैचों में 80.25 की औसत और 199.37 की स्ट्राइक रेट से 321 रन बनाए। गौरतलब है इसके लिए संजू को लिए प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है जिसके साथ अब वो विराट कोहली (Virat Kohli) और जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) वाली एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट का हिस्सा बन गए हैं।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, 31 वर्षीय संजू अब आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में बतौर भारतीय प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का टाइटल जीतने वाले सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। उनसे पहले सिर्फ विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह ने ही ये कारनामा किया था।
टी20 वर्ल्ड कप में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनने वाले भारतीय खिलाड़ी
- विराट कोहली - साल 2014
- विराट कोहली - साल 2016
- जसप्रीत बुमराह - साल 2024
- संजू सैमसन - साल 2026
गौर करें कि संजू सैमसन ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप स्टेज के दौरान नामीबिया के सामने 8 बॉल पर 22 रन और जिम्बाब्वे के सामने 15 बॉल पर 24 रन बनाए थे। इसके बाद उन्हें सुपर-8 स्टेज में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने का मौका मिला जहां उन्होंने 50 बॉल पर नाबाद 97 रन ठोके।
फिर तो संजू रोके नहीं रुके और उन्होंने इंग्लैंड के सामने सेमीफाइनल मुकाबले में महज़ 42 गेंदों पर नाबाद 89 रन ठोके और आखिर में न्यूजीलैंड के सामने भी टूर्नामेंट के फाइनल में 46 बॉल पर 89 रनों की पारी खेली। यही वज़ह है उन्हें प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
बताते चलें कि संजू सैमसन ने एक टी20 वर्ल्ड कप में बतौर भारतीय सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम दर्ज कर लिया है। उन्होंने विराट कोहली (साल 2014 में 319 रन) का रिकॉर्ड तोड़कर ये कारनामा किया। इसके अलावा उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सर्वाधिक छक्के जड़ने का भी रिकॉर्ड भी बनाया है। उन्होंने साल 2026 के टी20 वर्ल्ड कप में 24 छक्के जड़कर ये कारनामा किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
भारत ने 96 रनों से जीता फाइनल: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताबी मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया था जहां टीम इंडिया ने 20 ओवर में न्यूजीलैंड के सामने 256 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य रखा। इसके जवाब में कीवी टीम 19 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 159 रनों पर ऑल आउट हुई। इस तरह भारतीय टीम ने 96 रनों से ये मुकाबला जीतकर अपने नाम दर्ज किया। उन्होंने इतिहास रचते हुए तीसरी बार टी20 वर्ल्ड वर्ल्ड जीता है।