IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से खेली जाने वाली अगामी दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम को साईं सुदर्शन (Sai Sudharsan) के रूप में बड़ा झटका लगा है। चोट के कारण सुदर्शन पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।

Advertisement

दरअसल, साईं सुदर्शन को जुलाई में भारत ए के श्रीलंका दौरे के दौरान पैर के अंगूठे में स्ट्रेस फ्रैक्चर हुआ था। इसके बाद से वह लगातार बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे थे। शुरुआत में उम्मीद थी कि सुदर्शन श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे, लेकिन उनकी रिकवरी में उम्मीद के मुताबिक तेजी नहीं आ पाई।

BCCI ने रविवार (9 अगस्त) को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर जानकारी देते हुए बताया कि सुदर्शन की चोट से रिकवरी अच्छी तरह आगे बढ़ रही है और मेडिकल टीम लगातार उनकी फिटनेस पर नजर रख रही है। हालांकि, पूरी तरह फिट नहीं हो पाने के कारण उन्हें श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर होना पड़ा है।

साईं सुदर्शन के बाहर होने के बाद भारतीय चयन समिति ने सरफराज खान को उनके रिप्लेसमेंट के तौर पर चुना है। सरफराज खान ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट नवंबर 2024 में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। इसके बाद उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिल पाए।

दिसंबर 2024 से जनवरी 2025 के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान वह पूरी सीरीज बेंच पर बैठे रहे, जबकि इसके बाद वह भारतीय टेस्ट सेटअप से बाहर भी हो गए।

सरफराज ने भारत के लिए अब तक छह टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 37.10 की औसत से 371 रन निकले हैं। उनके नाम टेस्ट क्रिकेट में एक शतक और तीन अर्धशतक दर्ज हैं। घरेलू फर्स्ट क्लास क्रिकेट में भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है।

सरफराज ने 62 फर्स्ट क्लास मैचों में 64.73 की शानदार औसत से 5,114 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने 17 शतक और 16 अर्धशतक लगाए हैं। ऐसे में सरफराज श्रीलंका की परिस्थितियों में भारतीय टीम के लिए मध्यक्रम में एक भरोसेमंद विकल्प साबित हो सकते हैं।

श्रीलंका और भारत के बीच पहला मुकाबला 15 से 19 अगस्त तक गाले में होगा, जबकि दूसरा टेस्ट 23 से 27 अगस्त तक कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब मैदान पर खेला जाएगा।

Also Read: LIVE Cricket Score

श्रीलंका टेस्ट सीरीज के लिए भारत की टीम:
शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उपकप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बराड़, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, औकिब नबी और सरफराज खान।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार