कोलकाता नाइट राइडर्स के युवा तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ शानदार गेंदबाजी से सबको प्रभावित किया। उन्होंने पावरप्ले में ही रोहित शर्मा और सूर्यकुमार यादव जैसे बड़े बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मुंबई को दो बड़े झटके दे दिए।
आईपीएल 2026 का 15वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में बुधवार (20 मई) को कोलकाता नाइट राइडर्स और मुंबई इंडियंस के बीच खेला जा रहा है। इस अहम मुकाबले में KKR के युवा तेज गेंदबाज सौरभ दुबे ने अपनी शानदार गेंदबाजी से सबका ध्यान खींच लिया।
28 साल के अनकैप्ड भारतीय तेज गेंदबाज सौरभ दुबे को KKR ने आईपीएल 2026 से पहले आकाश दीप के चोटिल होने के बाद रिप्लेसमेंट के तौर पर टीम में शामिल किया था। यह उनका तीसरा आईपीएल मुकाबला है, लेकिन उन्होंने बड़े मंच पर बिल्कुल भी दबाव महसूस नहीं होने दिया।
सौरभ दुबे ने इस मुकाबले में सबसे पहले चौथे ओवर की पांचवीं गेंद पर रोहित शर्मा का विकेट झटका। रोहित 13 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए और मुंबई को बड़ा झटका लगा। इसके बाद सौरभ ने सूर्यकुमार यादव को भी ज्यादा देर टिकने नहीं दिया। मुंबई की पारी का छठा ओवर लेकर आए सौरभ ने राउंड द विकेट आते हुए बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली। 128.6 kph की रफ्तार से आई इस गेंद पर सूर्यकुमार यादव बैकफुट से बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे।
हालांकि गेंद हल्की सी अंदर की तरफ आई और सूर्या के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेते हुए ऑफ सीधे स्टंप्स से जा टकराई। ऑफ स्टंप बिखरते ही सौरभ दुबे खुशी से झूम उठे, जबकि सूर्यकुमार यादव भी कुछ पल के लिए हैरान नजर आए। सूर्या इस मुकाबले में सिर्फ 6 गेंदों में 15 रन बनाकर आउट हुए और टीम को 41 रन पर ही चौथा झटका लग गया।
मैच की बात करें तो इस मुकाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। मुंबई इंडियंस 12 मैचों में 8 अंकों के साथ अंकतालिका में 9वें स्थान पर है और प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है। वहीं KKR 12 मैच खेलेकर फिल्हाल 11 अंकों के साथ 8वें स्थान पर मौजूद है और उसके लिए यह मुकाबला जीतना बेहद जरूरी है ताकि टीम की प्लेऑफ उम्मीदें जिंदा रह सकें।