Shafali Verma Six Off The First Ball: महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में भारतीय स्टार बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाकर नया इतिहास रच दिया। वह महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में यह कारनामा करने वाली पहली खिलाड़ी बन गईं।
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 का छठा मुकाबला रविवार (14 जून) को भारत और पाकिस्तान के बीच एजबेस्टन स्टेडियम बर्मिंघम में खेला जा रहा है। इस बड़े मुकाबले में भारतीय सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने मैच की शुरुआत ही रिकॉर्डतोड़ अंदाज में की। उन्होंने पाकिस्तानी गेंदबाज सादिया इकबाल की पहली ही गेंद पर शानदार छक्का जड़कर इतिहास रच दिया।
पाकिस्तान ने भारतीय बल्लेबाजों को चौंकाने के लिए तेज गेंदबाज की जगह बाएं हाथ की स्पिनर सादिया इकबाल को पहला ओवर सौंपा। लेकिन शेफाली वर्मा ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए। सादिया की पहली गेंद थोड़ी फुलर लेंथ की थी और शेफाली ने बिना किसी झिझक के सीधा बल्ला घुमाते हुए गेंद को लॉन्ग ऑफ के ऊपर से बाउंड्री के पार पहुंचा दिया।
इस छक्के के साथ शेफाली वर्मा ने एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में मैच की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बन गईं। इससे पहले अभी तक किसी भी बल्लेबाज ने महिला टी20 विश्व कप में यह कारनामा नहीं किया था।
हालांकि शेफाली की यह धमाकेदार शुरुआत ज्यादा देर तक नहीं चल सकी। पहली गेंद पर छक्का खाने के बाद सादिया इकबाल ने शानदार वापसी की और ओवर की पांचवीं गेंद पर आखिरकार पाकिस्तान को सफलता मिल गई। शेफाली ने एक बार फिर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन इस बार गेंद अपेक्षा से ज्यादा उछली। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर विकेटकीपर की तरफ चली गई, जहां पाकिस्तानी विकेटकीपर मुनीबा अली ने शानदार कैच लपक लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इस तरह शेफाली वर्मा की पारी सिर्फ 5 गेंदों तक ही सीमित रही। उन्होंने 5 गेंदों में 6 रन बनाए, जिसमें वह ऐतिहासिक छक्का शामिल था जिसने उन्हें रिकॉर्ड बुक में जगह दिला दी।