Shivam Dube Record: भारतीय टीम के हरफनमौला खिलाड़ी शिवम दुबे (Shivam Dune) ने बीते शुक्रवार, 26 जून को आयरलैंड (IRE vs IND 1st T20) के खिलाफ बेलफास्ट में खेले गए पहले टी20 मुकाबले में 14 गेंदों पर 1 चौके और 2 छक्के ठोककर 25 रनों की पारी खेली। उन्होंने ये रन 178.57 की स्ट्राइक रेट से बनाए। इसी के साथ उन्होंने एक बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट में संजू सैमसन (Sanju Samson) और हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) जैसे तूफानी बल्लेबाज़ों को पीछे छोड़ दिया है।
दरअसल, 33 वर्षीय शिवम दुबे भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में तीसरे सबसे कम गेंदों पर 1000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने 648 गेंदों पर अपने 1000 T20I रन पूरे करके ये कारनामा किया है। उन्होंने संजू सैमसन और हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ियों को पछाड़ा है, जिन्होंने 679 गेंदों पर अपने 1000 टी20 इंटरनेशनल रन पूरे किए थे।
बताते चलें कि इस रिकॉर्ड लिस्ट में सबसे ऊपर भारत के सलामी बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने महज़ 528 गेंदों पर 1000 T20I रन बनाए थे।
भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज हजार रन बनाने वाले खिलाड़ी (बॉल)
- अभिषेक शर्मा- 528 गेंद
- सूर्यकुमार यादव - 573 गेंद
- शिवम दुबे - 648 गेंद
- संजू सैमसन/हार्दिक पांड्या - 679 गेंद
बताते चलें कि आयरलैंड के खिलाफ शिवम दुबे ने अपनी गेंदबाज़ी से भी योगदान दिया और 3 ओवर में सिर्फ 6 की इकोनॉमी से 18 रन देकर 1 विकेट झटका।
ऐसा रहा मैच का हाल: बेलफास्ट के मैदान पर भारत ने टॉस जीतकर आयरलैंड को पहले बैटिंग करने का न्योता दिया था जिन्होंने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 182 रन बनाए। उनके लिए कैप्टन लोर्कन टकर ने 36 गेंदों पर 50 रन और गैरेथ डेलानी ने 32 गेंदों पर 49 रनों की पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में भारत के लिए अभिषेक शर्मा ने तूफानी पारी खेली और 20 गेंदों पर 50 रन ठोके, लेकिन उन्हें दूसरी तरफ से किसी भी बल्लेबाज़ का साथ नहीं मिला। यही वज़ह है भारत की पूरी टीम 18.5 ओवर ही मैदान पर टिक पाई और 148 रनों पर ऑल आउट हुई। इस तरह आयरिश टीम ने 34 रनों से ये मुकाबला अपने नाम किया। उन्होंने दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।