पाकिस्तान के पूर्व तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख्तर लाइव टीवी पर मोहसिन नकवी को लेकर दिए गए अपने बयान के कारण काफी सुर्खियों में थे लेकिन अब उन्होंने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमैन मोहसिन नकवी की आलोचना वाले बयान से तुरंत यू-टर्न ले लिया है। उन्होंने कहा है कि उन्होंने जो बयान दिया था वो मोहसिन नकवी के लिए नहीं था बल्कि नकवी को अख्तर ने "अच्छा आदमी" कहा है।
15 फरवरी को कोलंबो में भारत के खिलाफ पाकिस्तान की 61 रन से करारी हार के बाद अख्तर काफी गुस्से में थे और उन्होंने भारतीय टीवी चैनल पर इशारों-इशारों में एक मोहसिन नकवी को टारगेट करते हुए एक बयान दिया था लेकिन अब उन्होंने साफ किया है कि उनके कमेंट्स नकवी के लिए पर्सनली नहीं थे। अख्तर ने कहा कि भारतीय टीवी चैनलों ने उनके शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया और जोर देकर कहा कि उनका कभी भी पीसीबी चेयरमैन को नाकाबिल कहने का इरादा नहीं था।
अख्तर ने कहा, "मेरे कमेंट्स कभी भी मोहसिन नकवी के लिए नहीं थे। नाकाबिलियत वाली बात उनके लिए बिल्कुल भी नहीं थी। ये इंटरनेशनल क्रिकेट चलाने वाले टॉप अधिकारियों के लिए थी। कुछ भारतीय टीवी चैनलों ने मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया। उसी प्रोग्राम में, मैंने लोगों से मोहसिन भाई के बारे में कुछ भी नेगेटिव न कहने के लिए भी कहा, क्योंकि मैं ये बर्दाश्त नहीं करूंगा। मैंने हमेशा कहा है कि वो एक अच्छे इंसान हैं जो सच में पाकिस्तान क्रिकेट की मदद करना चाहते हैं। लेकिन साथ ही, उन्हें हमेशा सही सलाह नहीं दी जाती।”
भारत से पाकिस्तान की हालिया एकतरफा हार के बाद, अख्तर ने बोर्ड के काम करने के तरीके और पाकिस्तान क्रिकेट को देखने वाली लीडरशिप की कड़ी आलोचना की थी। बता दें कि नकवी के कार्यकाल में अक्सर क्रिकेट की तरक्की से ज़्यादा पॉलिटिकल सुर्खियां बनी हैं। भारत को एशिया कप ट्रॉफी देने से मना करने से लेकर टी-20 वर्ल्ड कप मैच से पहले बॉयकॉट की धमकी देने तक, उनके कार्यकाल में बार-बार विवाद हुए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
कोलंबो मैच से पहले भी कुछ ऐसा ही हुआ था, पाकिस्तान ने कुछ समय के लिए भारत के मैच का बॉयकॉट करने की धमकी दी थी, लेकिन आईसीसी अधिकारियों के साथ मीटिंग के बाद अपना रुख बदल लिया।