AUS VS BAN: ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 13 अगस्त से शुरु हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले बांग्लादेश क्रिकेट टीम को बड़ी राहत मिली है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बांग्लादेश के स्टार बाएं हाथ के युवा तेज गेंदबाज शोरिफुल इस्लाम (Shoriful Islam) ने फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है।
बांग्लादेश और ऑस्ट्रेलिया के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 13 अगस्त से 17 तक डार्विन में खेला जाएगा, जबकि दूसरा टेस्ट साउथ मैके में 22 अगस्त से 26 के बीच खेला जाना है। इस सीरीज के लिहाज से बांग्लादेश के लिए शोरिफुल की फिटनेस काफी अहम थी। उन्हें जुलाई में जिम्बाब्वे दौरे के दौरान हैमस्ट्रिंग चोट लगी थी। इसी वजह वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट से बाहर रह सकते हैं। हालांकि, उन्होंने तेजी से रिकवरी करते हुए फिटनेस टेस्ट पास कर लिया है और दूसरे टेस्ट के लिए पूरी तरह फिट लग रहे हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट ऑपरेशंस इंचार्ज शाहरीयर नफीस ने भी शोरिफुल की फिटनेस की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि गेंदबाज चोट से उबरने के बाद फिटनेस टेस्ट में सफल रहे हैं और अब खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
शोरिफुल का फिट होना बांग्लादेश के लिए इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि टीम के दूसरे स्टार तेज गेंदबाज नाहिद राणा पहले ही पूरी टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। राणा को जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान बाएं हिस्से में चोट लगी थी और उन्हें पूरी तरह ठीक होने में कम से कम छह सप्ताह का समय लगने की उम्मीद है।
Also Read: LIVE Cricket Score
शोरिफुल ने हाल ही में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में भी गेंद से अच्छा प्रदर्शन किया था। जून में खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में उन्होंने दो मुकाबले खेले और इस दौरान 4 विकेट अपने नाम किए थे। वहीं टेस्ट क्रिकेट में भी शोरिफुल का रिकॉर्ड अच्छा रहा है। 25 साल के इस तेज गेंदबाज ने अब तक 13 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 27 विकेट हैं। उनका गेंदबाजी औसत 36.03 का रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट के लिए बांग्लादेश की टीम:
नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान), मेहदी हसन मिराज (उप-कप्तान), सौम्या सरकार, शादमान इस्लाम, तंजीद हसन तमीम, मोमिनुल हक शोराब, मुश्फिकुर रहीम, अमित हसन, जेकर अली अनिक, ताइजुल इस्लाम, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, सैयद खालिद अहमद, एबादोत हुसैन चौधरी, मुसफिक हसन