दलीप ट्रॉफी 2026 (Duleep Trophy 2026) का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला साउथ जोन (South Zone) और नॉर्थ जोन (North Zone) के बीच बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में खेला जा रहा है जहां मुकाबले के पहले दिन रविवार, 30 अगस्त को साउथ जोन के स्पिन गेंदबाज़ श्रेयस गोपाल (Shreyas Gopal) ने नॉर्थ जोन के बल्लेबाज़ अब्दुल समद (Abdul Samad) से बदला लिया। श्रेयस गोपाल ने विपक्षी बल्लेबाज़ से छक्का खाने के बाद हिसाब बराबर किया और उन्हें स्लिप पर तैनात खिलाड़ी स्मरण रविचंद्रन (Smaran Ravichandran) के हाथों कैच आउट करके पवेलियन का रास्ता दिखाया।
ये घटना नॉर्थ जोन की पारी के 25वें ओवर में घटी। यहां साउथ जोन के कैप्टन तिलक वर्मा ने श्रेयस गोपाल को गेंद सौंपकर अटैक पर लगाया था जो कि उनके लिए दिन का पहला ही ओवर था। ऐसे में अब्दुल समद ने एक नया गेंदबाज़ सामने देखकर अटैक करने का फैसला किया और पहली ही गेंद पर लॉन्ग-ऑन की तरफ छक्का लगा दिया।
इसके बाद ही श्रेयस गोपाल का कमाल देखने को मिला। उन्होंने अगली दो गेंद पर अब्दुल समद को कोई रन नहीं बनाने दिया और फिर चौथी गेंद पर बल्लेबाज़ को चमका देकर आउट किया। उनकी ये बॉल पिच से टकराने के बाद बाहर की तरफ टर्न हुई थी जिस पर समद कट शॉट खेलते हुए गलती कर बैठे और सीधा स्लिप के फील्डर स्मरण रविचंद्रन को कैच देकर आउट हुए। उन्होंने शानदार कैच पकड़ा था जिसका वीडियो आप नीचे देख सकते हो।
मैच का हाल: दलीप ट्रॉफी 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में North Zone ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी है और वो खबर लिखे जाने तक 39 ओवर में 4 विकेट खोकर 127 रन बना चुके हैं। मैदान पर कमरान इक़बाल (126 गेंदों पर नाबाद 48 रन) और कप्तान कन्हैया वधावन (35 गेंदों पर नाबाद 15 रन) की जोड़ी मौजूद है।
ऐसी है दोनों टीमें
नॉर्थ जोन की प्लेइंग इलेवन: कमरान इकबाल, सनत सांगवान, आयुष डोसेजा, आयुष बडोनी, अब्दुल समद, कन्हैया वधावन (विकेटकीपर/कप्तान), निशांत सिंधु, आबिद मुश्ताक, अंशुल कंबोज, अर्शदीप सिंह और गुरनूर बराड़।
साउथ जोन की प्लेइंग इलेवन: नारायण जगदीसन (विकेटकीपर), स्मरण रविचंद्रन, तिलक वर्मा (कप्तान), कोडिमेला हिमातेजा, शेख रशीद, रिकी भुई, श्रेयस गोपाल, तनय त्यागराजन, कावुरी सैतेजा, विध्वथ कावेरप्पा और एमडी निधिश।