Shreyas Iyer Record: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन (IPL 2026) के 68वें मुकाबले में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने 18 ओवर में 197 रनों का लक्ष्य हासिल करके लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) को 7 विकेट से मात दी। गौरतलब है कि इस मुकाबले में PBKS के कैप्टन श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) ने तूफानी सेंचुरी ठोकी और वो एक साथ दो बेहद ही खास रिकॉर्ड लिस्ट का हिस्सा बन गए।
विराट और सहवाग की रिकॉर्ड लिस्ट में हुए शामिल: सबसे पहले ये जान लीजिए कि इकाना के मैदान पर श्रेयस अय्यर ने 51 गेंदों पर 11 चौके और 5 ठक्के ठोककर नाबाद 101 रन बनाए। इसी के साथ वो IPL इतिहास के ऐसे चौथे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने बतौर कैप्टन रन चेज करते हुए शतक ठोका है। उनसे पहले सिर्फ वीरेंद्र सहवाग, विराट कोहली और संजू सैमसन ने ही ये कारनामा किया था।
IPL में बतौर कैप्टन रन चेज करते हुए शतक
- वीरेंद्र सहवाग - 119 रन बनाम डेक्कन चार्जर्स (साल 2011)
- विराट कोहली - 108* बनाम राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स (साल 2016)
- संजू सैमसन - 119 रन बनाम पंजाब किंग्स (साल 2021)
- श्रेयस अय्यर - 101* बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (साल 2026)
केएल राहुल और एडम गिलक्रिस्ट की रिकॉर्ड लिस्ट में भी हुए शामिल: 31 साल के श्रेयस इकाना के मैदान पर सेंचुरी ठोककर IPL के 19 साल के इतिहास के ऐसे सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने पंजाब किंग्स की कैप्टेंसी करते हुए शतक लगाया हो। उनसे पहले सिर्फ केएल राहुल और एडम गिलक्रिस्ट ने ही ये कारनामा किया था।
PBKS के लिए बतौर कैप्टन सेंचुरी ठोकने वाले खिलाड़ी
- एडम गिलक्रिस्ट - 106 रन बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (साल 2011)
- केएल राहुल - 132* रन बनाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (साल 2020)
- श्रेयस अय्यर - 101* रन बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स (साल 2026)
Also Read: LIVE Cricket Score
PBKS की प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा: पंजाब किंग्स ने इकाना के मैदान पर LSG को 7 विकेट से रौंदकर अपनी प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखी हुई हैं। वो फिलहाल पॉइंट्स टेबल पर 14 मैचों में 7 जीत और 15 अंक के साथ चौथे पायदान पर है। उनके अलावा राजस्थान रॉयल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु, गुजरात टाइटंस और सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ के लिए पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं।