भारतीय टी20 टीम का नया कप्तान बनाए जाने के बाद श्रेयस अय्यर का पहला बयान चर्चा में आ गया। अय्यर ने साफ कहा कि वह अपनी पहचान नहीं बदलना चाहते और वही रहेंगे जो हमेशा थे। उनके इस बयान का फैंस अब अलग-अलग मायने भी निकाल रहे हैं।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के साथ एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टी20 टीम का कप्तान बनाए जाने के बाद श्रेयस अय्यर ने अपनी पहली प्रतिक्रिया दी। सूर्यकुमार यादव की जगह टीम की कमान संभालने वाले अय्यर ने ऐसा बयान दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है।
श्रेयस अय्यर ने मुंबई में हुए एक इवेंट में बातचीत के दौरान कहा कि वह कप्तान बनने के बाद भी अपनी मूल पहचान को नहीं बदलना चाहते। अय्यर ने कहा, "कप्तान के रूप में यह जिम्मेदारी मिलना मेरे लिए एक बड़ा चुनौतीपूर्ण अवसर है। लेकिन इसके साथ ही मुझे अपनी शख्सियत बदलने की कोई जरूरत नहीं है। मैं वही इंसान बने रहना चाहता हूं जैसा पहले था। मैं किसी और की तरह बनने की कोशिश नहीं करूंगा और न ही किसी की परछाई में रहना चाहूंगा।"
उनका यह बयान सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई। कुछ क्रिकेट प्रशंसकों ने अनुमान लगाया कि यह टिप्पणी भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर के संदर्भ में हो सकती है। हालांकि अय्यर ने अपने बयान में किसी व्यक्ति का नाम नहीं लिया।
गौरतलब है कि श्रेयस अय्यर लंबे समय से अपनी कप्तानी क्षमता के लिए सराहे जाते रहे हैं। आईपीएल में कप्तान के रूप में उनका रिकॉर्ड काफी प्रभावशाली रहा है। 2024 में उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जिताया था, जबकि इसके बाद पंजाब किंग्स को 2025 में फाइनल तक पहुंचाने में भी अहम भूमिका निभाई थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब भारतीय टीम की कमान संभालने के बाद फैंस की नजरें इस बात पर होंगी कि वह मैदान पर अपनी कप्तानी से कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं।