महिला टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत ने अपने अभियान की शुरुआत पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले से की। बर्मिंघम के एजबेस्टन मैदान पर रविवार (14 जून) को खेले जा रहे इस मैच में भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम की स्टार ओपनर स्मृति मंधाना ने इस बड़े मुकाबले में शानदार अर्धशतकीय पारी खेलते हुए इतिहास रच दिया।

Advertisement

भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गईं, जबकि जेमिमा रोड्रिग्स भी 1 रन बनाकर पावरप्ले के भीतर पवेलियन लौट गईं। शुरुआती झटकों के बाद स्मृति मंधाना ने कप्तान हरमनप्रीत कौर के साथ मिलकर पारी को संभाल लिया।

Advertisement

दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए 64 गेंदों में 91 रन की शानदार साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारत को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालते हुए मजबूत स्कोर की नींव रखी। हरमनप्रीत कौर ने 35 गेंदों में 36 रन बनाए, जबकि स्मृति मंधाना ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों पर 68 रन ठोक दिए। उनकी पारी में 9 चौके और 2 छक्के शामिल रहे।

इस अर्धशतक के साथ स्मृति मंधाना ने महिला टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत के लिए सबसे ज्यादा 50 या उससे ज्यादा स्कोर बनाने के मामले में पूर्व भारतीय महिला कप्तान मिताली राज और हरमनप्रीत कौर की बराबरी कर ली। अब इन तीनों खिलाड़ियों के नाम इस टूर्नामेंट में 5-5 बार 50 या उससे ज्यादा स्कोर दर्ज करने का रिकॉर्ड है।

महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिए सबसे ज्यादा 50 या उससे ज्यादा स्कोर
5 - मिताली राज (23 पारियां)
5 - हरमनप्रीत कौर (34 पारियां)
5 - स्मृति मंधाना (26 पारियां)
3 - पूनम राउत (15 पारियां)

इतना ही नहीं स्मृति ने इस पारी के चलते पाकिस्तान के खिलाफ महिला टी20 वर्ल्ड कप में भारत की ओर से सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उनके 68 रन अब इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ किसी भारतीय महिला बल्लेबाज का सर्वोच्च स्कोर हैं। दिलचस्प बात यह है कि पुरुष टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम है, जिन्होंने 82 रन बनाए थे।

Also Read: LIVE Cricket Score
Advertisement

मैच की बात करें तो भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। स्मृति मंधाना की 68 रन की शानदार पारी और हरमनप्रीत कौर के 36 रन के अलावा विकेटकीपर बल्लेबाज ऋचा घोष ने भी शानदार फिनिशिंग टच दिया। ऋचा ने सिर्फ 17 गेंदों में 37 रन बनाकर भारतीय टीम को 170 रन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार