ENG-W vs IND-W 3rd T20I: भारत और इंग्लैंड महिला टीम के बीच मंगलवार (2 जून) को टांटन के कूपर एसोसिएट्स काउंटी ग्राउंड में खेले गए निर्णायक तीसरे टी20 मुकाबले में एक मजेदार नजारा देखने को मिला। इंग्लैंड की स्टार स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने ऐसा रनआउट मौका गंवाया, जिसे देखकर मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए।
मुकाबले में इंग्लैंड की कप्तान चार्लोट डीन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत कौर (56* रन 40 गेंद) की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट पर 180 रन बनाए।
भारतीय पारी की आखिरी गेंद पर यह मजेदार घटना हुई। सोफी एक्लेस्टोन ने ऋचा घोष को शानदार यॉर्कर डाली। ऋचा ने किसी तरह बल्ला लगाकर गेंद को सीधा गेंदबाज की तरफ खेल दिया। नॉन-स्ट्राइकर एंड पर मौजूद हरमनप्रीत कौर क्रीज से काफी आगे निकल चुकी थीं, जबकि ऋचा घोष भी रन लेने के लिए कुछ कदम आगे बढ़ गई थीं।
गेंद सीधे एक्लेस्टोन के पास गई और ऐसा लग रहा था कि ऋचा घोष आसानी से रनआउट हो जाएंगी। हालांकि गेंद को पकड़ते समय एक्लेस्टोन से हल्की चूक हो गई। इसके बावजूद उनके पास विकेट पर थ्रो मारने के लिए भरपूर समय था, लेकिन जल्दबाजी में किया गया उनका अंडरआर्म थ्रो स्टंप्स पर नहीं लगा।
इस तरह ऋचा घोष ने आराम से रन पूरा कर लिया और इंग्लैंड की खिलाड़ी अपनी गलती पर सिर पकड़कर बैठ गईं। कुछ ही पल बाद वह खुद भी हंसने लगीं, जबकि उनकी साथी खिलाड़ियों की हंसी भी छूट गई। इस मजेदार घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
VIDEO:
Ecclestone had all the time in the world... and none of the execution
Sony LIV (SonyLIV) June 2, 2026
Watch EGvIND 3rd T20I LIVE on #SonyLIV & #SonySportsNetwork pic.twitter.com/mKLMYx8hom
Also Read: LIVE Cricket Score
हालांकि इस गलती का इंग्लैंड को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ। 181 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एलिस कैप्सी ने 43 गेंदों में 82 रन और हीथर नाइट ने 42 गेंदों में नाबाद 70 रन की शानदार पारी खेली। इन दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर इंग्लैंड ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर 6 विकेट से मुकाबला जीत लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड ने तीन मैचों की टी20 सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।