नई दिल्ली, 28 मार्च (Cricketnmore): हाशिम अमला (नाबाद 56) की अर्धशतकीय पारी की बदौलत साउथ अफ्रीका ने सोमवार को फिरोज शाह कोटला मैदान पर खेले गए मैच में श्रीलंका को आठ विकेट से हराकर अपने आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप अभियान का विजयी अंत किया। 

टी-20 वर्ल्ड कप के अंतिम ग्रुप मैच में श्रीलंका ने दक्षिण अफ्रीका के सामने 121 रनों का लक्ष्य रखा था जिसे उसने 17.4 ओवर में महज दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

अमला के अलावा दक्षिण अफ्रीका की तरफ से कप्तान फाफ डू प्लेसिस ने 31 और अब्राहम डिविलियर्स ने नाबाद 20 रनों का योगदान दिया। 

श्रीलंका की तरफ से सुरंगा लकमल विकेट लेने वाले इकलौते गेंदबाज रहे। एक बल्लेबाज रन आउट हुआ। 

छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज क्विंटन डी कॉक (9) 15 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद डू प्लेसिस और अमला ने मोर्चा संभाला और दूसरे विकेट के लिए 60 रनों की साझेदारी कर टीम की जीत लगभग तय कर दी। 

डू प्लेसिस को 75 के स्कोर पर लकमल ने पवेलियन भेजा। इसके बाद मैदान पर आए डिविलियर्स ने अमला का साथ दिया और 47 रनों की नाबाद साझेदारी कर टीम को जीत दिला कर पवेलियन लौटे। 

अमला ने अपनी अर्धशतकीय पारी में 52 गेंदों का सामना किया और पांच चौके, एक छक्का लगाया। वहीं, डिविलियर्स ने अपनी पारी में 12 गेंदें खेलते हुए दो छक्के लगाए। उनकी पारी में एक भी चौका शामिल नहीं था। 

खिताब बचाने के इरादे से इस विश्व कप में उतरी श्रीलंका अपने अंतिम मैच में जीत का स्वाद नहीं चख पाई। टीम पूरे विश्व कप में हर क्षेत्र में जूझती दिखी। सोमवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंका को कार्यवाहक कप्तान दिनेश चांडीमल (21) और तिलकरत्ने दिलशान (36) ने तेज शुरुआत तो दी, लेकिन टीम इस शानदार शुरुआत का फायदा नहीं उठा पाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 4.5 ओवर में 45 रन जोड़े। कप्तान मैथ्यूज चोट की वजह से श्रीलंका की टीम में शामिल नहीं थे।

श्रीलंका के चार बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े तक पहुंच पाए। दिलशान और चांडीमल के अलावा मिलिंदा श्रीवर्धने (15) और दासुन सनक ने नाबाद 20 रनों की पारी खेली। कोई और बल्लेबाज दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों का सामना नहीं कर पाया और जल्दबाजी में अपने विकेट गंवाते रहे। पूरी टीम 19.3 ओवर में 120 रनों पर ही ढेर हो गई। 

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से केल एबॉट, एरॉन फांगिसो और फरहान बेहरदीन ने दो-दो विकेट लिए। डेल स्टेन और इमरान ताहिर को एक-एक विकेट मिला जबकि दो बल्लेबाज रन आउट हुए। 

एरॉन फांगिसो को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

एजेंसी


Advertisement

 

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार