The Hundred Women 2026, SOB-W vs WEF-W: द हंड्रेड विमेंस 2026 के रोमांचक मुकाबले में सदर्न ब्रेव ने वेल्श फायर को 8 रन से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सदर्न ब्रेव ने 126 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया। जवाब में जॉर्जिया वोल के अर्धशतक के बावजूद वेल्श फायर 118 रन ही बना सकी।
द हंड्रेड विमेंस 2026 का दूसरा मुकाबला बुधवार (22 जुलाई) को साउथैम्प्टन के द रोज़ बाउल स्टेडियम में सदर्न ब्रेव और वेल्श फायर के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद सदर्न ब्रेव ने निर्धारित 100 गेंदों में 7 विकेट के नुकसान पर 126 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया।
सदर्न ब्रेव को सलामी बल्लेबाज लिजेल ली ने अच्छी शुरुआत दिलाई और 26 गेंदों में 31 रन की उपयोगी पारी खेली। इसके बाद लौरा वोल्वार्ड्ट ने एक छोर संभालते हुए शानदार बल्लेबाजी की और 36 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाए। इसके अलावा मध्य ओवरों में कप्तान सोफी मोलिनक्स ने भी16 गेंदों में 22 रन की अहम पारी खेली थी।
वेल्श फायर की ओर से हीथर ग्राहम ने शानदार गेंदबाजी कर 20 गेंदों में सिर्फ 19 रन खर्च करते हुए 4 विकेट अपने नाम किए।
127 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेल्श फायर की सलामी बल्लेबाज जॉर्जिया वोल ने 39 गेंदों में 52 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरी फ्रेया केम्प ने भी 29 गेंदों में 39 रन जोड़े।
हालांकि इन दोनों बल्लेबाजों के अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं चल सकी। जॉर्जिया वोल के सामने दूसरे छोर से नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे और वेल्श फायर निर्धारित 100 गेंदों में 8 विकेट के नुकसान पर 118 रन ही बना सकी। नतीजतन सदर्न ब्रेव ने यह रोमांचक मुकाबला 8 रन से अपने नाम कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
सदर्न ब्रेव की ओर से कप्तान सोफी मोलिनक्स ने गेंद से भी कमाल दिखाया और 20 गेंदों में सिर्फ 14 रन देकर 3 विकेट झटके। वहीं लॉरेन बेल और टिली कोर्टीन-कोलमैन ने 2-2 विकेट चटकाए।