IPL 2026, Gujarat Titans vs Sunrisers Hyderabad Highlights: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मंगलवार (12 मई) को खेले गए इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने सनराइजर्स हैदराबाद को 82 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात ने 168 रन बनाए, जिसके जवाब में SRH की पूरी टीम सिर्फ 86 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ गुजरात टाइटंस 16 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है।

Advertisement

आईपीएल 2026 के 56वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत कुछ खास नहीं रही। कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 5 रन बनाकर आउट हो गए, जबकि जोस बटलर भी 7 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।

Advertisement

हालांकि साईं सुदर्शन ने एक छोर संभाला और वाशिंगटन सुंदर के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 41 गेंदों में 60 रन की अहम साझेदारी की। साईं सुदर्शन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 44 गेंदों में 61 रन की अर्धशतकीय पारी खेली।

वहीं वाशिंगटन सुंदर ने भी जिम्मेदारी से बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 50 रन बनाए। उन्होंने आखिरी ओवरों में जेसन होल्डर (11) के साथ मिलकर तेजी से रन बटोरे और पांचवें विकेट के लिए 21 गेंदों में 40 रन की साझेदारी निभाई। इन पारियों की बदौलत गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में 168 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

सनराइजर्स हैदराबाद के लिए गेंदबाजी में प्रफुल्ल हिंगे और साकिब हुसैन ने 2-2 विकेट झटके। वहीं कप्तान पैट कमिंस को 1 सफलता मिली।

169 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत बेहद खराब रही। ट्रैविस हेड बिना खाता खोले आउट हो गए, जबकि अभिषेक शर्मा 6 और ईशान किशन 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। मध्य ओवरों में भी टीम संभल नहीं सकी। हेनरिक क्लासेन (14) और नितीश कुमार रेड्डी (2) भी जल्दी आउट हो गए।

Advertisement

गुजरात टाइटंस के गेंदबाजों ने लगातार दबाव बनाए रखा और SRH का कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया। नतीजन पूरी टीम 14.5 ओवर में सिर्फ 86 रन पर ढेर हो गई और गुजरात टाइटंस ने 82 रन से एकतरफा जीत दर्ज की।

Also Read: LIVE Cricket Score

गुजरात टाइटंस के लिए गेंदबाजी में कगिसो रबाडा और जेसन होल्डर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट लिए। इसके अलावा मोहम्मद सिराज और राशिद खान को भी 1-1 सफलता मिली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार