West Indies vs Sri Lanka 2nd Test: वेस्टइंडीज के खिलाफ शुक्रवार (3 जुलाई) से होने वाले दूसरे औऱ आखिरी टेस्ट से पहले श्रीलंका क्रिकेट टीम चोटिल औऱ बीमार खिलाड़ियों की समस्या से झूझ रही है। बता दें की पहले टेस्ट मैच में मिली करारी हार के बाद यह श्रीलंका के लिए करो या मरो वाला मुकाबला है।
चोटों की वजह से टीम मैनेजमेंट को दौरे पर ले जाए गए 17 खिलाड़ियों के टीम के बजाय 13 खिलाड़ियों में से ही टीम चुननी पड़ी है। तेज गेंदबाजी डिपार्टमेंट पर इसका सबसे ज़्यादा असर पड़ा है, क्योंकि लाहिरू कुमारा और विश्वा फर्नांडो दोनों ही चोटिल हो गए हैं।
सबसे गंभीर चोट ओपनर पाथुम निसंका को लगी है, जो 30 जून को ही टीम से अलग होकर चोटिल कलाई की सर्जरी के लिए यूनाइटेड किंगडम चले गए थे। इस सर्जरी के कारण उनका आगामी लंका प्रीमियर लीग में खेलना भी मुश्किल लग रहा है। निसांका की जगह दूसरे टेस्ट के लिए टॉप ऑर्डर में लाहिरू उदारा खेलते हुए नजर आएंगे।
वहीं विश्वा पीठ और बगल के दर्द से पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं, इसलिए दूसरे टेस्ट में चयन के लिए उपलब्ध नहीं थे। श्रीलंका के सबसे तेज़ गेंदबाज़ कुमारा भी उपलब्ध नहीं हैं, वह पहले टेस्ट में एक ओवर डालने के बाद ही हैमस्ट्रिंग की समस्या के कारण मैदान से बाहर चले गए थे।
इन चोटों और पहले टेस्ट में कसुन रजिता के साधारण प्रदर्शन के कारण, तेज गेंदबाज इसिथा विजेसुंदरा निर्णायक टेस्ट में डेब्यू कर सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके अलावा ऑफ़-स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर रमेश मेंडिस को दौरे के दौरान बैक्टीरियल इन्फेक्शन हो गया है। जिस कारण वह सिलेक्शन के लिए उपलब्ध नहीं हैं। उनकी जगह पिछले तीन सालों में श्रीलंका के टॉप स्पेशलिस्ट स्पिनर रहे प्रभात जयसूर्या प्लेइंग XI में शामिल होंगे।