टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बीच श्रीलंका को बड़ा झटका लगा है। स्टार स्पिन ऑलराउंडर वानिन्दु हसरंगा हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। आयरलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले के दौरान सामने आई उनकी चोट गंभीर निकली है। अब टीम मैनेजमेंट को आगे के मैचों में नए संयोजन के साथ उतरना होगा।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार शुरुआत करने वाली श्रीलंका टीम को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा है। स्टार स्पिन ऑलराउंडर वानिन्दु हसरंगा हैमस्ट्रिंग इंजरी के चलते पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। ईएसपीएनक्रिकइन्फो की रिपोर्ट्स के मुताबिक एमआरआई स्कैन में उनके बाएं पैर की मांसपेशी में गंभीर खिंचाव सामने आया है, जिसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें आराम की सलाह दी है।
आयरलैंड के खिलाफ पहले मुकाबले में हसरंगा ने चोट से जूझते हुए भी जबरदस्त प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने चार ओवरों में 25 रन देकर तीन अहम विकेट झटके। उनकी फिरकी के दम पर श्रीलंका ने 164 रन के लक्ष्य का बचाव करते हुए आयरलैंड को 20 रन से हरा दिया।
हालांकि मैच के दौरान ही हसरंगा को परेशानी होती दिखी थी। दूसरी गेंद डालने के बाद ही उनकी रनअप और फॉलो-थ्रू प्रभावित नजर आई, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने गेंद से कमाल जारी रखा और आयरलैंड की पारी को आखिरी ओवरों में बिखेर दिया।
गौरतलब है कि वानिन्दु हसरंगा का टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होना श्रीलंका के लिए 440 वोल्ट के झटके से कम नहीं है, क्योंकि वो ही श्रीलंका के लिए सर्वाधिक टी20 विकेट लेने वाले बॉलर हैं। उन्होंने अपने देश के लिए 95 मैचों में 154 टी20 विकेट चटकाए हैं। इसके अलावा वो टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में बांग्लादेश के शाकिब अल हसन (43 मैचों में 50 विकेट) के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं। उनके नाम इस टूर्नामेंट में सिर्फ 20 मैचों में 40 विकेट दर्ज हैं।
ऐसे में अब श्रीलंका टीम को आगे के मुकाबलों में उनके बिना उतरना होगा। को-होस्ट टीम को उम्मीद होगी कि महेश थीक्षाना स्पिन विभाग की जिम्मेदारी और मजबूती से संभालेंगे। श्रीलंका का अगला मुकाबला 12 फरवरी को ओमान से पल्लेकेले में होगा, इसके बाद 16 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया और 19 फरवरी को जिम्बाब्वे से भिड़ंत होगी।
Also Read: LIVE Cricket Score
रिपोर्ट के मुताबिक हसरंगा की जगह लेग स्पिनर दुशान हेमंथा को टीम में शामिल किया जा सकता है। 31 वर्षीय हेमंथा अब तक श्रीलंका के लिए पांच वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल छह विकेट लिए हैं। टी20 में उनका इकॉनमी रेट 7.85 का रहा है। अब देखना होगा कि वह इस बड़े मंच पर खुद को कैसे साबित करते हैं।