न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने भारतीय दिग्गज विराट कोहली की जमकर तारीफ की है। 4 नवंबर से शुरू होने वाली न्यूजीलैंड और भारत के बीच आगामी वनडे सीरीज में डफी अपने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के साथी खिलाड़ी कोहली का सामना करने के लिए तैयार हैं।
डफी ने आईपीएल 2026 के दौरान कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम साझा किया था और नेट्स में उन्हें गेंदबाजी भी की है। न्यूजीलैंड के इस तेज गेंदबाज ने इस बात पर हैरानी जताई कि भारत में एक सुपरस्टार होने और लगभग 'ईश्वर जैसी हैसियत' रखने के बावजूद कोहली कितने जमीन से जुड़े इंसान हैं।
रविवार को मीडिया से बातचीत के दौरान डफी ने कहा, "कल मेरी उनसे (कोहली) मुलाकात हुई। वह जिम में थे, वहां उनसे मिलना काफी अच्छा रहा, और उनका व्यवहार मेरे प्रति बहुत शानदार था। भारत में उन्हें लगभग एक 'ईश्वर' का दर्जा प्राप्त है - वह वहां एक मेगास्टार हैं - फिर भी उनका इतना जमीन से जुड़ा होना और आरसीबी में हम जैसे विदेशी खिलाड़ियों का स्वागत करना, वाकई बहुत अच्छी बात है। इसके लिए मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। अब जब मैंने उनके साथ ड्रेसिंग रूम भी साझा किया है, तो उनके खिलाफ खेलना वाकई शानदार होगा।"
उन्होंने बताया कि जब वह आरसीबी में कोहली के साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर रहे थे, तब उन्होंने भारतीय मैदानों पर अपनाई जाने वाली रणनीतियों के बारे में कोहली से काफी चर्चा की थी। डफी ने कहा, "उनका काम के प्रति नजरिया बहुत शानदार है। नेट्स में मैंने उन्हें काफी गेंदबाजी की, क्योंकि वह हमेशा पहले बल्लेबाज होते थे और मैं हमेशा पहला गेंदबाज। हमने नेट्स में एक-दूसरे के सामने काफी समय बिताया है, जो कि बहुत अच्छी बात है। इसके साथ ही, उन्होंने मुझे काफी करीब से देखा है, इसलिए उनकी तैयारी भी अच्छी होगी।"
कीवी गेंदबाज ने आगे कहा, "हम अक्सर खेल की बारीकियों के बारे में काफी बातचीत करते हैं। हम भारत की कुछ खास पिचों के बारे में भी चर्चा करते हैं। कुछ विकेट काफी अलग होते हैं, इसलिए उन्होंने ऐसे विकेटों पर अलग-अलग लाइन और लेंथ के बारे में काफी बात की। उन्होंने बताया कि वह खुद को कैसे एडजस्ट करते हैं और मुझे भी उन विकेटों पर कैसे एडजस्ट करना चाहिए। उनकी तरफ से मिली ऐसी छोटी-छोटी बातें काफी अहम थीं।"
इस तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्हें वनडे क्रिकेट पसंद है। उन्होंने भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज को वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण सीरीज बताया।
डफी ने कहा, "व्यक्तिगत रूप से मुझे वनडे क्रिकेट काफी पसंद है। मुझे इसमें यह अच्छा लगता है कि शुरुआत में गेंद स्विंग होती है और गेंदबाजों को 'हार्ड लेंथ' पर गेंद डालने का मौका मिलता है। फिर पारी के आखिर में खूब चौके-छक्के देखने को मिलते हैं। अगले साल इसी समय साउथ अफ्रीका में वर्ल्ड कप भी होने वाला है। मुझे लगता है कि यह हमारी प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर है।"
इस तेज गेंदबाज ने कहा कि उन्हें वनडे क्रिकेट पसंद है। उन्होंने भारत के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज को वर्ल्ड कप 2027 की तैयारी के लिए एक बहुत महत्वपूर्ण सीरीज बताया।
Also Read: LIVE Cricket Score
Article Source: IANS