न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन को एसएटी20 के 2027 संस्करण के लिए डरबन सुपर जायंट्स (डीएसजी) का हेड कोच नियुक्त किया गया है। यानी, विलियमसन अब डीएसजी में एक खिलाड़ी की भूमिका से हटकर कोचिंग की भूमिका में आ गए हैं।

विलियमसन ने साउथ अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर लांस क्लूजनर की जगह ली है, जो 2023 में लीग के पहले सीजन से ही टीम के कोच थे। फ्रेंचाइजी ने बुधवार को एक बयान में कहा, "डर्बन सुपर जायंट्स (डीएसजी) को केन विलियमसन को अपना नया हेड कोच नियुक्त करने की घोषणा करते हुए खुशी हो रही है। यह विश्व क्रिकेट के सबसे सम्मानित लीडर्स में से एक के सफर में एक रोमांचक नए अध्याय की शुरुआत है।"

फ्रेंचाइजी ने आगे कहा, "पहले मैदान पर डीएसजी का प्रतिनिधित्व कर चुके विलियमसन अब एक नई भूमिका में डर्बन लौट रहे हैं। वह अपने साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का बेहतरीन अनुभव, खेल की गहरी समझ और सर्वोच्च स्तर पर कप्तानी करने का शानदार रिकॉर्ड लेकर आए हैं।"

विलियमसन ने 2025 और 2026 सीजन में डीएसजी के लिए खेला था और 15 मैचों में 343 रन बनाए थे। हेड कोच की जिम्मेदारी सौंपने से पहले फ्रेंचाइजी ने उन्हें आने वाले सीजन के लिए एक खिलाड़ी के तौर पर रिटेन किया था। यह पहली बार है जब विलियमसन किसी क्रिकेट टीम के हेड कोच के रूप में काम करेंगे।

फ्रेंचाइजी ने कहा, "एक खिलाड़ी से हेड कोच के रूप में उनका आना फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़ा कदम है। इससे टीम को अपने लक्ष्यों को हासिल करने और साउथ अफ्रीकी क्रिकेट में एक मजबूत और निरंतर प्रदर्शन करने वाली टीम के रूप में खुद को स्थापित करने में मदद मिलेगी।"

डीएसजी में विलियमसन क्रिकेट डायरेक्टर टॉम मूडी, बैटिंग कोच रयान कुक, फास्ट बॉलिंग कोच भरत अरुण, स्पिन बॉलिंग कोच कार्ल क्रो और फील्डिंग कोच कुशेन किशन के साथ मिलकर काम करेंगे।

विलियमसन ने इस साल की शुरुआत में इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड के पहले टेस्ट मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वह टेस्ट क्रिकेट में न्यूजीलैंड के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में रिटायर हुए। उन्होंने 110 मैचों में 54.06 की औसत से 9,515 रन बनाए। इसके अलावा, उन्होंने 175 वनडे मैचों में 7,256 रन बनाए (जो किसी भी न्यूजीलैंड खिलाड़ी द्वारा बनाए गए चौथे सबसे ज्यादा रन हैं) और 93 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2,575 रन बनाए (जो उनके देश के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन हैं)।

विलियमसन की कप्तानी में न्यूजीलैंड की टीम पुरुष वनडे विश्व कप 2019 में उपविजेता रही थी। वहां उन्हें 'प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट' चुना गया था। कप्तान के तौर पर उनकी सबसे बड़ी जीत 2021 में मिली, जब उन्होंने साउथेम्प्टन में खेले गए पहले आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में न्यूजीलैंड टीम को जीत दिलाई। हाल ही में जनवरी में उन्होंने बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) में 'राजशाही वॉरियर्स' के लिए अपना आखिरी टी20 मैच खेला था।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार