सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 के ग्रुप सी के मुकाबले में मुंबई ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए उत्तरांखड को 86 रनों से रौंदा। मुंबई से मिले 210 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए उत्तराखंड की टीम 16.5 ओवर में 123 रन बनाकर सिमट गई।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी उत्तराखंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। राहुल नमाला महज एक रन बनाकर पवेलियन लौटे। इसके बाद संस्कार रावत भी सिर्फ 5 रन ही बना सके। आरवन महाजन ने 15 रन बनाए, जबकि युवराज चौधरी 9 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 11 रन ही बना सके। कप्तान कुणाल चंदेला 4 चौकों की मदद से 12 गेंदों में 19 रन बनाकर शार्दुल ठाकुर का शिकार बने।

शाश्वत डंगवाल ने टीम की ओर से 20 गेंदों में सर्वाधिक 37 रन बनाए। अपनी इस पारी में उन्होंने 4 चौके और 2 छक्के लगाए। मुंबई की तरफ से गेंदबाजी में अथर्व अंकोलेकर ने 3.5 ओवर के स्पेल में सिर्फ 17 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि मैक्सवेल स्वामीनाथन ने 2 विकेट अपने नाम किए। शार्दुल ठाकुर और शिवम दुबे ने एक-एक विकेट झटका।

इससे पहले, अंगकृष रघुवंशी और हार्दिक तमोरे ने मुंबई को धमाकेदार शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए 4.4 ओवर में 66 रन जोड़े। हार्दिक ने सिर्फ 14 गेंदों का सामना करते हुए 39 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होने 6 चौके और 2 छक्के लगाए। वहीं, अंगकृष ने 34 गेंदों में 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए।

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे मुशीर खान बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 40 गेंदों में 65 रनों की आतिशी पारी खेली। मुशीर ने अपनी इस इनिंग में 7 चौके और 2 छक्के लगाए। सरफराज खान ने 15 गेंदों में 31 रनों का योगदान दिया। उत्तरांखड की तरफ से रविंदर नेगी ने 32 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि जगदीश सुचित ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए।

Also Read: LIVE Cricket Score

Article Source: IANS

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार