इंग्लैंड ने ओवल टेस्ट जीतकर पांच मैचों की टेस्ट सीरीज को 2-2 से बराबर कर दिया और इस तरह से इंग्लिश टीम ने स्टुअर्ट ब्रॉड को उनके आखिरी टेस्ट में शानदार विदाई दी। हालांकि, इंग्लैंड को ये जीत आसानी से नहीं मिली, ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भी अंत तक लड़ने का जज्बा दिखाया लेकिन जब अंतिम सत्र में इंग्लैंड को जीत के लिए आखिरी दो विकेट की जरूरत थी तब ब्रॉड ने कुछ ऐसा किया जिसने मैच का रुख इंग्लैंड की तरफ मोड़ दिया।

Advertisement

स्टुअर्ट ब्रॉड और मोइन अली दोनों मिलकर गेंदबाजी कर रहे थे, लेकिन एलेक्स कैरी और टॉड मर्फी विकेट पर टिक चुके थे। इस जोड़ी को तोड़ना मुश्किल नजर आ रहा था। विकेट न मिलने की निराशा ब्रॉड के चेहरे पर साफ झलक रही थी। उन्होंने पचास से अधिक रन दे दिए थे लेकिन विकेट का कॉलम खाली था। जब भी वो गेंद फेंकने के लिए दौड़ते थे तो भीड़ उनके लिए तालियां बजाती थी लेकिन जब गेंद को डिफेंस या चौका मार दिया जाता था तो फैंस का शोर कम हो जाता था।

Advertisement

हालांकि, ऑस्ट्रेलियाई पारी के 91वें ओवर की छठी गेंद पर फैंस को खुश होने का मौका मिल गया। इस ओवर की छठी गेंद पर टॉड मर्फी आउट हो गए थे लेकिन इस गेंद से पहले यानि पांचवीं गेंद फेंकने के बाद ब्रॉड ने बेल्स को इधर-उधर करके अपना टोटका आजमाया। इससे पहले जब ब्रॉड ने बेल्स वाला टोटका किया था तो उन्हें मार्नस लाबुशेन का बेशकीमती विकेट मिला था। ऐसे में इस बार भी जब ब्रॉड ने बेल्स के साथ छेड़छाड़ की तो अगली ही गेंद पर उन्हें मर्फी का विकेट मिल गया।

ब्रॉड की एक अद्भुत गेंद पर टॉड मर्फी के बल्ले का किनारा लगा और जॉनी बेयरस्टो ने अपनी बायीं ओर डाइव लगाकर आसान कैच पूरा कर लिया। ब्रॉड का ये विकेट देखकर दर्शक अपनी सीटों से उछल पड़े जबकि ब्रॉड की मंगेतर मोली एलिजाबेथ किंग की आंखों में उस पल को देखने के बाद आंसू आ गए। इतना ही नहीं, ब्रॉड 95वें ओवर में लौटे और उसी अंदाज में एलेक्स कैरी को आउट करके अपना अंतिम टेस्ट विकेट लिया और इंग्लैंड को एशेज में प्रसिद्ध जीत दिला दी।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार