भारतीय टी20 टीम की कप्तानी में हुए बदलाव के बाद सूर्यकुमार यादव का पहला बयान सामने आया है। कप्तानी गंवाने और टीम से बाहर होने के बावजूद सूर्यकुमार ने श्रेयस अय्यर के लिए खुशी जाहिर की है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार (6 जून) को बड़ा फैसला लेते हुए श्रेयस अय्यर को भारत की टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त कर दिया। वह आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के अलावा एशियन गेम्स 2026 में भी टीम इंडिया की कमान संभालेंगे। इस फैसले के साथ सूर्यकुमार यादव का कप्तानी कार्यकाल खत्म हो गया और उन्हें टीम से भी बाहर कर दिया गया।
हालांकि इस फैसले के बाद सूर्यकुमार यादव ने जिस तरह की प्रतिक्रिया दी, उसने क्रिकेट फैंस का दिल जीत लिया। उन्होंने किसी तरह की निराशा जाहिर करने के बजाय श्रेयस अय्यर को बधाई दी और उनके लिए खुशी जताई।
टी20 मुंबई लीग 2026 के लीग मैच में टॉस के दौरान बात करते हुए सूर्यकुमार यादव ने कहा कि, "मैं श्रेयस के लिए बहुत खुश हूं। हमने मुंबई के लिए साथ काफी क्रिकेट खेली है। सबसे खास बात यह है कि लगातार तीसरा मुंबई कप्तान भारत की टी20 टीम की कप्तानी कर रहा है। यह बहुत गर्व का पल है और सभी को इसको सेलिब्रेट करना चाहिए।"
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव ने इसी साल भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब दिलाया था, लेकिन उनका हालिया बल्लेबाजी प्रदर्शन चयनकर्ताओं की उम्मीदों पर खरा नहीं उतर पाया। आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सूर्यकुमार सिर्फ 270 रन ही बना सके। उन्होंने 13 मैचों में 20.76 की औसत और 147.54 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
वहीं टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उन्होंने 9 पारियों में 242 रन बनाए और सिर्फ एक अर्धशतक लगाया। इससे पहले 2025 में भी उनका प्रदर्शन काफी साधारण रहा था, जहां उन्होंने 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में सिर्फ 218 रन बनाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
दूसरी ओर श्रेयस अय्यर ने घरेलू क्रिकेट और आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया। मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने भी साफ किया कि टीम प्रबंधन भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ रहा है और इसी वजह से अय्यर को कप्तानी सौंपी गई है। उनके साथ तिलक वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।