भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने शनिवार (6 जून) को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ खेली जाने वाली टी20 सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान किया। इस घोषणा में सबसे बड़ा फैसला सूर्यकुमार यादव को कप्तानी से हटाने और टीम से बाहर करने का रहा। उनकी जगह श्रेयस अय्यर को भारत का नया टी20 कप्तान बनाया गया है।
श्रेयस अय्यर अब जून में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज, जुलाई में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज और इसी साल होने वाले एशियन गेम्स में भारतीय टीम की कमान संभालेंगे।
टीम का ऐलान होने के कुछ ही देर बाद सूर्यकुमार ने इंस्टाग्राम पर भारतीय टीम की स्क्वॉड वाली पोस्ट को रीशेयर किया और लिखा, "इस बेहद प्रतिभाशाली ग्रुप को आगे आने वाली चुनौतियों के लिए मेरी शुभकामनाएं।" सूर्यकुमार का यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
गौरतलब है कि सूर्यकुमार यादव ने 2024 में रोहित शर्मा के टी20 इंटरनेशल क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारत की कप्तानी संभाली थी। उनके नेतृत्व में भारत ने 52 में से 40 मुकाबले जीते और टीम का जीत प्रतिशत 80.76 रहा। कप्तान के तौर पर उनका रिकॉर्ड शानदार रहा, लेकिन हालिया बल्लेबाजी प्रदर्शन उनके लिए मुश्किल खड़ी कर गया।
आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए सूर्यकुमार सिर्फ 270 रन ही बना सके। उन्होंने 13 मैचों में 20.76 की औसत और 147.54 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इसके अलावा टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के बावजूद सूर्यकुमार का बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला। उन्होंने 9 पारियों में 242 रन बनाए और सिर्फ एक अर्धशतक लगाया। इससे पहले 2025 में भी उनका प्रदर्शन काफी साधारण रहा था, जहां उन्होंने 19 टी20 अंतरराष्ट्रीय पारियों में सिर्फ 218 रन बनाए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
दूसरी ओर श्रेयस अय्यर को सभी फॉर्मेट में लगातार अच्छे प्रदर्शन का इनाम मिला है। चयनकर्ताओं ने भविष्य की योजनाओं को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा फैसला लिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारतीय टी20 टीम आने वाले महीनों में कैसा प्रदर्शन करती है।