हांगकांग सिक्सेस (Hong Kong Sixes 2026) में भारतीय टीम का खराब प्रदर्शन जारी है। शुक्रवार (31 अक्टूबर) को मोंग कोक के मिशन रोड ग्राउंड पर खेले गए 12वें मुकाबले में भारत को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के खिलाफ 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस मैच में भारतीय तेज गेंदबाज टी नटराजन (T Natarajan) ने अपनी बल्लेबाजी से महफिल लूट ली। अपनी यॉर्कर गेंदों से बल्लेबाजों को परेशान करने वाले नटराजन ने इस बार बल्ले से तूफान मचाया।

मुकाबले में UAE ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाजी का न्योता दिया। उनका यह फैसला शुरुआत में सही साबित होता हुआ दिखा। पहले ही ओवर में नीतीश राणा (6 रन) और राहुल तेवतिया बिना कोई रन बनाए अपनी विकेट दे बैठे।

इसके बाद दूसरे ओवर में शशांक सिंह भी 3 गेंदों में सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे सलामी बल्लेबाज राहुल त्रिपाठी ने जरूर 7 गेंदों में 24 रन बनाए, लेकिन वह भी अपनी इस पारी को बड़ा नहीं कर सके।

हाल ये था कि पांच ओवर का खेल खत्म होने तक भारत 53 रन पर 5 विकेट गंवा चुका था और टीम के पास सिर्फ एक विकेट बचा था। ऐसे में लग रहा था कि भारतीय टीम 70 रन का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगी, लेकिन टी नटराजन ने मैदान पर आते ही पूरा नजारा बदल दिया। उन्होंने पहले चौका लगाकर अपना खाता खोला और फिर मोहम्मद जुहैब के ओवर में जमकर हमला बोला। नटराजन ने इस ओवर में दो छक्के और दो चौके जड़ दिए। इसके बाद पारी के आखिरी ओवर में अंश टंडन की गेंदों पर भी उन्होंने दो शानदार छक्के लगा दिए।

नटराजन आखिरी गेंद पर रन आउट होकर पवेलियन लौटे, लेकिन तब तक वह अपना काम कर चुके थे। उन्होंने महज 14 गेंदों में 38 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 3 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। उनकी इस बल्लेबाजी के दम पर भारत ने निर्धारित 6 ओवर में 94 रन का स्कोर खड़ा किया।

VIDEO:

हालांकि, नटराजन की शानदार पारी भी भारतीय टीम को हार से नहीं बचा सकी। 95 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी UAE की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी की। कप्तान खालिद शाह और अंश टंडन ने पहले विकेट के लिए 97 रन की नाबाद साझेदारी कर डाली।

Also Read: LIVE Cricket Score

खालिद शाह ने महज 14 गेंदों में नाबाद 52 रन बनाए, जबकि अंश टंडन ने 12 गेंदों में नाबाद 39 रन की पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की तूफानी बल्लेबाजी के दम पर UAE ने सिर्फ 4.2 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 97 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार