टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 स्टेज का तीसरा मुकाबला भारत और साउथ अफ्रीका के बीच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कल यानि (22 फरवरी) को खेला जाएगा। भारत और साउथ अफ्रीका, दो ऐसी टीमें हैं जो अभी तक टी-20 वर्ल्ड कप के इस एडिशन में नहीं हारे हैं, ऐसे में किसी ना किसी टीम को टूर्नामेंट में पहली हार मिलनी तय है लेकिन कुछ फैंस के मन में इस मैच से पहले मौसम को लेकर भी सवाल बना हुआ है तो चलिए आपकी शंका को हम दूर कर देते हैं।
इस मैच के लिए मौसम का पूर्वानुमान देखें तो एक्यूवेदर ऐप के अनुसार, रविवार को सुबह तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहेगा और मौसम धुंधला और गर्म रहने की उम्मीद है। दोपहर बाद तापमान 36 डिग्री तक बढ़ जाएगा और फिर शाम को 26 डिग्री तक गिर जाएगा। पूरे दिन मौसम थोड़ा धुंधला रहने की उम्मीद है, लेकिन मैच शुरू होने तक मौसम साफ हो जाएगा। बारिश की कोई संभावना नहीं है। ऐसे में फैंस को पूरे 40 ओवर का खेल देखने को मिल सकता है।
गौरतलब है कि इन दोनों ही टीमों के बीच आखिरी टी-20 इंटरनेशनल साल 2025 में खेला गया था जो कि अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ही हुआ था। खास बात ये है कि इस मुकाबले में टीम इंडिया ने 232 रनों का टारगेट डिफेंड करके साउथ अफ्रीका को 30 रनों से धूल चटाई थी। जान लें कि इस मुकाबले में तिलक वर्मा ने 42 गेंदों पर 73 रन ठोके थे, वहीं हार्दिक पांड्या ने 25 गेंदों पर 63 रन बनाए थे। इनके अलावा वरुण चक्रवर्ती ने तो अपने कोटे के 4 ओवर में साउथ अफ्रीका के 4 विकेट चटका दिए थे।
Also Read: LIVE Cricket Score
बता दें कि इस मैदान पर टॉस जीतने वाली टीम रन डिफेंड करना खूब पसंद करती है। इस मैदान पर अब तक कुल 15 टी-20 इंटरनेशनल खेले गए हैं जिसमें से 10 रन डिफेंड और 05 रन चेज़ करने वाली टीमों ने जीते। बताते चलें कि यहां टी-20I में पहली इनिंग का औसत स्कोर 173 रन रहा है। ऐसे में टॉस जीतने वाली टीम अगर पहले बल्लेबाजी का फैसला करती है तो कोई हैरानी नहीं होनी चाहिए।