AUS vs BAN 2nd Test: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच शनिवार (22 अगस्त) से मैके के ग्रेट बैरियर रीफ एरिना में खेले जा रहे दूसरे और आखिरी टेस्ट के पहले दिन मैदान पर एक विवादित वाक्य देखने को मिला। ऑस्ट्रेलिया के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड (Josh Hazlewood) उस समय अपना आपा खो बैठे, जब बांग्लादेश के पुछल्ले बल्लेबाज तस्कीन अहमद (Taskin Ahmed) से टक्कर के कारण उनके हाथ आया आसान कैच का मौका निकल गया।
यह घटना बांग्लादेश की पहली पारी के 28वें ओवर में देखने को मिली। हेजलवुड ने तस्कीन को शॉर्ट गेंद डाली, जिस पर बांग्लादेशी बल्लेबाज पुल शॉट खेलना चाहते थे। लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर काफी ऊंची हवा में चली गई। गेंद को हवा में जाते देख हेजलवुड तुरंत आगे की तरफ दौड़े। कैच बिल्कुल आसान नजर आ रहा था और ऐसा लग रहा था कि वह गेंद को आराम से पकड़ लेंगे। लेकिन इसी दौरान तस्कीन रन लेने के लिए पिच पर आगे बढ़ गए और उनकी हेजलवुड से हल्की टक्कर हो गई।
टक्कर के कारण हेजलवुड गेंद तक नहीं पहुंच सके और कैच का आसान मौका हाथ से निकल गया। इसके बाद हेजलवुड काफी नाराज दिखाई दिए, जबकि ऑस्ट्रेलियाई कप्तान पैट कमिंस ने नॉन-स्ट्राइकर छोर पर मौजूद अंपायर नितिन मेनन से भी इस घटना को लेकर बात की।
कमिंस यह जानना चाहते थे कि क्या इस टक्कर को obstructing the field के तहत आउट दिया जा सकता है। हालांकि अंपायरों ने टक्कर को जानबूझकर की गई हरकत नहीं माना और इसे महज एक दुर्घटना माना गया। इसलिए तस्कीन को बल्लेबाजी जारी रखने की अनुमति मिल गई।
VIDEO:
हालांकि तस्कीन ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके। वह अगले ही ओवर में 7 गेंदों का सामना कर सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए।
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था और बांग्लादेश की पहली पारी महज 34 ओवर में 64 रन पर सिमट गई। टीम के लिए नंबर-11 के बल्लेबाज शोरिफुल इस्लाम ने सबसे ज्यादा 14 रन बनाए, जबकि सात बल्लेबाज दहाई के आंकड़े तक भी नहीं पहुंच सके।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिचेल स्टार्क ने कहर बरपाते हुए सिर्फ 10 ओवर में 12 रन देकर 6 विकेट हासिल किए।
इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और टीम ने लगातार विकेट गंवाए। हालांकि स्टीव स्मिथ और कैमरून ग्रीन ने पारी को संभाला और चौथे विकेट के लिए 77 रन की जुझारू साझेदारी की। स्मिथ ने 74 गेंदों में 42 रन बनाए, जबकि ग्रीन 81 गेंदों में 51 रन बनाकर नाबाद रहे।
Also Read: LIVE Cricket Score
पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 165 रन बना लिए थे। इस तरह मेजबान टीम ने पहली पारी में 101 रन की बढ़त हासिल कर ली। बांग्लादेश के लिए शोरिफुल इस्लाम ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 35 रन देकर 6 विकेट अपने नाम कर लिए हैं।