भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 सीरीज (IRE vs IND T20 Series) का पहला मुकाबला (IRE vs IND 1st T20) शुक्रवार, 26 जून को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जाएगा। इस मुकाबले के शुरू होने से पहले सभी क्रिकेट फैंस के मन में ये सवाल है कि क्या आज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavashi) को अपना टी20 डेब्यू करने का मौका मिलेगा या नहीं? अगर आपके मन में भी यही सवाल है तो बता दें कि खुद टीम इंडिया के बैटिंग कोच ने इसका जवाब दिया है।
दरअसल, भारतीय टीम के बैटिंग कोच सितांशु कोटक भारत-आयरलैंड के बीच होने वाले पहले टी20 मुकाबले की पूर्व संध्या प्रेस कॉन्फ्रेंस का हिस्सा बने जहां उन्होंने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए वैभव सूर्यवंशी पर बात की। वो बोले, "वैभव सूर्यवंशी में काफी टैलेंट है और इसमें कोई शक नहीं है। उन्होंने IPL और अन्य मैचों में शानदार बल्लेबाजी की है। उन्होंने IPL में जोफ्रा आर्चर समेत कई तेज गेंदबाजों का सामना किया है। इसी वजह से ऐसा लगता है कि उन्हें किसी भी चीज से घबराहट नहीं होती।"
वो आगे बोले, "मुझे भरोसा है कि उन्हें मौका जरूर मिलेगा, लेकिन मुझे नहीं लगता कि सिर्फ उन्हें मौका देने के लिए हमें टीम से किसी ऐसे खिलाड़ी को बाहर करना चाहिए, जो पहले से रन बना रहा है। यह सही नहीं होगा। मुझे लगता है कि किसी को मौका देने और किसी दूसरे खिलाड़ी के साथ अन्याय करने के बीच एक बहुत बारीक रेखा होती है।"
बताते चलें कि सितांशु कोटक ने ये भी साफ कर दिया है कि वैभव सूर्यवंशी को आज अपना डेब्यू करने का मौका मिलेगा या नहीं, ये मुकाबले से ठीक पहले कैप्टन श्रेयस अय्यर और हेड कोच गौतम गंभीर आपस में बातचीत करके डिसाइड करेंगे।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम का पूरा स्क्वाड: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उपकप्तान), नितीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा।
26 जून 2026 – पहला टी20I, बेलफास्ट (भारतीय समय अनुसार शाम 6:00 बजे)
28 जून 2026 – दूसरा टी20I, बेलफास्ट (भारतीय समय अनुसार शाम 6:00 बजे)