Rashid Khan Five-Wicket Haul: द हंड्रेड मेन्स 2026 में राशिद खान ने अपनी फिरकी का ऐसा जादू चलाया कि मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी पूरी तरह बिखर गई। एमआई लंदन की जीत के हीरो रहे अफगान के इस स्पिनर ने पांच विकेट लेकर टी20 क्रिकेट में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
द हंड्रेड मेन्स 2026 में रविवार (2 अगस्त) को द ओवल मैदान पर खेले गए इस मुकाबले में अफगानिस्तान के स्टार लेग स्पिनर राशिद खान ने एमआई लंदन की ओर से मैनचेस्टर सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 17 रन देकर 5 विकेट चटकाए और अपनी टीम को 45 रन से शानदार जीत दिलाने में सबसे बड़ी भूमिका निभाई।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए एमआई लंदन ने 100 गेंदों में 6 विकेट पर 183 रन का मजबूत स्कोर बनाया था। राशिद ने गेंदबाजी के दौरान सबसे पहले टिम सिफर्ट को 17 रन पर आउट किया। इसके बाद उन्होंने खतरनाक जोस बटलर को सिर्फ 2 रन पर चलता किया। यहीं नहीं, उन्होंने हेनरिक क्लासेन (13), टॉम मूर्स और लियाम डॉसन (2) को भी अपना शिकार बनाकर पांच विकेट पूरे किए। राशिद की इस घातक स्पेल के सामने मैनचेस्टर सुपर जायंट्स की पूरी बल्लेबाजी बिखर गई और टीम 45 रन से मुकाबला हार गई।
राशिद खान के टी20 करियर का यह पांचवां पांच विकेट हॉल रहा। इसके साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा पांच विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर जगह बना ली। उन्होंने भारत के दिग्गज तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार, श्रीलंका के लसिथ मलिंगा, साउथ अफ्रीका के इमरान ताहिर, पाकिस्तान के शाहीन शाह अफरीदी और बांग्लादेश के शाकिब अल हसन के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। इस लिस्ट में फिलहाल सिर्फ डेविड वीज़े उनसे आगे हैं, जिनके नाम टी20 क्रिकेट में 7 बार पांच विकेट लेने का रिकॉर्ड दर्ज है।
टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा 5 विकेट हॉल
- डेविड वीज़े – 7 (424 मैच)
- राशिद खान – 5 (547 मैच)
- इमरान ताहिर – 5 (453 मैच)
- भुवनेश्वर कुमार – 5 (332 मैच)
- लसिथ मलिंगा – 5 (295 मैच)
- शाहीन शाह अफरीदी – 5 (266 मैच)
- शाकिब अल हसन – 5 (481 मैच)
Also Read: LIVE Cricket Score
इतना ही नहीं, राशिद खान द हंड्रेड के इतिहास में एक मैच में पांच विकेट लेने वाले सिर्फ आठवें गेंदबाज भी बन गए। इस लिस्ट में पहले से इमरान ताहिर, हेनरी ब्रूक्स, मार्चेंट डी लैंग, जोश लिटिल, कैल्विन हैरिसन, सैम करन और टिम साउदी जैसे नाम शामिल हैं।