SUL vs LNS, The Hundred Men's 2026: द हंड्रेड 2026 का 20वां मुकाबला बीते मंगलवार, 04 अगस्त को लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था जहां सनराइजर्स लीड्स (Sunrisers Leeds) ने 241 रन डिफेंड किए और लंदन स्पिरिट ( London Spirit) को 37 रनों से रौंदा। इस मुकाबले के सबसे बड़े हीरो रयान रिकेल्टन (Ryan Rickelton) रहे जिन्होंने 42 गेंदों पर 223.81 की स्ट्राइक रेट से 94 रन बनाए। वो अपना शतक तो नहीं बना पाए, लेकिन उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है।
इस मुकाबले में लंदन स्पिरिट ने टॉस जीतकर सनराइजर्स लीड्स को पहले बल्लेबाज़ी करने का न्योता दिया जिन्होंने अपने तीन खिलाड़ियों की तूफानी अर्धशतकीय पारी के दम पर 100 गेंदों पर सिर्फ 2 विकेट खोते हुए 241 रन बना दिए। SUL के लिए मिचेल मार्श ने 205.41 की स्ट्राइक रेट से 37 गेंदों पर 76 रन (6 चौके 7 छक्के), रयान रिकेल्टन ने 223.81 की स्ट्राइक रेट से 42 गेंदों पर 94 रन (6 चौके और 8 छक्के) और हैरी ब्रूक ने 305.56 की स्ट्राइक रेट से 55 रन (5 चौके और 5 छक्के) ठोके।
बात करें अगर लंदन स्पिरिट के गेंदबाज़ों की तो डेविड विली और एडम मिल्ने ही एक-एक विकेट हासिल कर पाए। यहां से अब LNS के सामने जीत हासिल करने के लिए 242 रनों का पहाड़ जैसा लक्ष्य था जिसका पीछा करते हुए डेविड विली ने सबसे बड़ी पारी खेली और 46 गेंदों पर 10 चौके 3 छक्के लगाकर नाबाद 83 रन ठोके।
उनके अलावा लंदन स्पिरिट के लिए लियाम लिविंगस्टोन ने 12 गेंदों पर 34 रन, डेवाल्ड ब्रेविस ने 21 गेंदों पर 38 रन और जेमी ओवरटन ने 15 गेंदों पर नाबाद 27 रनों का योगदान किया। हालांकि इन सब के बावजूद London Spirit अपनी पारी की 100 गेंदों पर 6 विकेट खोकर सिर्फ 204 रन ही जोड़ पाई और ऐसे सनराइजर्स लीड्स ने ये मुकाबाल पूरे 37 रनों से जीता।
गौरतलब है कि SUL के लिए रीस टॉप्ली और नाथन एलिस ने 2-2 विकेट चटकाए। वहीं मैथ्यू पॉट्स और मैथ्यू रेविस ने 1-1 विकेट झटके।
Also Read: LIVE Cricket Score
पॉइंट्स टेबल का हाल: सनराइजर्स लीड्स ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी जीत दर्ज की है और वो 5 मैचों में 12 अंकों के साथ चौथे पायदान पर है। बात करें अगर लंदन स्पिरिट की तो उन्हें अपनी चौथी हार का सामना करना पड़ा है जिसके बाद वो 5 मैचों में केवल 4 अंक के साथ सातवीं पॉजिशन पर हैं। बताते चलें कि टेबल टॉपर ट्रेंट रॉकेट्स हैं जिनके नाम 5 मैचों में 4 जीत के साथ 16 अंक दर्ज हैं।