आईपीएल 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है, टीम के लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज खलील अहमद पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ मैच के दौरान उन्हें दाहिने पैर में क्वाड्रिसेप्स इंजरी हुई थी, जिसके बाद मेडिकल रिपोर्ट में ग्रेड-2 टियर की पुष्टि हुई है। इस चोट से उबरने में उन्हें करीब 10-12 हफ्तों का समय लगेगा, जिससे उनका इस सीजन में वापसी करना संभव नहीं है।
खलील अहमद CSK के लिए लगातार प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे और उन्होंने इस सीजन खेले गए सभी 5 मैचों में हिस्सा लिया था। भले ही उनके नाम सिर्फ 2 विकेट थे, लेकिन 8.67 की इकॉनमी से उन्होंने टीम को काफी कंट्रोल दिया था। ऐसे में उनका बाहर होना CSK के गेंदबाजी अटैक के लिए बड़ा नुकसान है।
स्थिति और भी मुश्किल इसलिए हो गई है क्योंकि टीम पहले से ही कुछ खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी से जूझ रही है। ऐसे में अब CSK को जल्द ही खलील अहमद का रिप्लेसमेंट ढूंढना होगा। आइए जानते हैं उन 3 गेंदबाज को जो उनकी जगह ले सकते हैं।
1 मुकेश चौधरी
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम मुकेश चौधरी का है, जो CSK के लिए एक सीधा रिप्लेसमेंट साबित हो सकते हैं। लेफ्ट आर्म तेज गेंदबाज होने के कारण वह खलील की तरह ही नई गेंद से स्विंग करा सकते हैं। इसी टीम के लिए खेलते हुए 2022 सीजन में उन्होंने 13 मैचों में 16 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया था। CSK टीम मनेजमेंट को अच्छे से समझने वाले मुकेश आसानी से टीम में फिट हो सकते हैं। उनके नाम आईपीएल में 16 मैचों में 30.16 की औसत से 17 विकेट दर्ज हैं।
2 चेतन सकारिया
दूसरा मजबूत विकल्प चेतन सकारिया हैं, जो लेफ्ट आर्म पेस अटैक में विविधता ला सकते हैं। आईपीएल में अलग-अलग टीमों के लिए खेल चुके सकारिया अपनी सटीक लाइन-लेंथ और स्लोअर गेंदों के लिए जाने जाते हैं। चेपॉक जैसी धीमी पिच पर उनकी गेंदबाजी काफी असरदार साबित हो सकती है। हालांकि IPL 2026 ऑक्शन में वह अनसोल्ड रहे थे, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है। उनके नाम आईपीएल में 20 मैचों में 31.90 की औसत से 20 विकेट हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
3 आकाश मधवाल
अगर CSK अलग विकल्प पर नजर डालती है, तो आकाश मधवाल एक दिलचस्प नाम हो सकते हैं। राइट आर्म तेज गेंदबाज मधवाल अपनी डेथ ओवर गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं । आकाश IPL 2023 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए 5 विकेट हॉल लेकर सुर्खियों में आए थे। उनकी यॉर्कर डालने की क्षमता और दबाव में अच्छा प्रदर्शन करना CSK के लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। भले ही वह लेफ्ट आर्म विकल्प नहीं हैं, लेकिन उनकी स्किल टीम को नई मजबूती दे सकती है। उनके नाम आईपीएल में 17 मैचों में 25.65 की औसत से 23 विकेट दर्ज हैं।