आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब भारतीय टीम ने न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले के साथ ही टूर्नामेंट का रोमांचक सफर खत्म हुआ। इस पूरे टूर्नामेंट में कई बल्लेबाजों ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से फैंस का दिल जीत लिया। आइए इस खास आर्टिकल के जरिए जानते हैं उन टॉप-5 बल्लेबाजों के बारे में, जिन्होंने 185 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाकर गेंदबाजों की जमकर धुनाई की।
1 फिन ऐलन
इस लिस्ट में पहला नाम न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज फिन ऐलन का है। ऐलन ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए 9 मैचों की 8 पारियों में 49.66 की औसत से 298 रन बनाए। सबसे खास बात यह रही कि उनका स्ट्राइक रेट पूरे 200 का रहा। उनकी इन पारियों में एक शतक और एक अर्धशतक भी शामिल रहा, जिससे साफ पता चलता है कि उन्होंने कितनी आक्रामक बल्लेबाजी की।
2 संजू सैमसन
दूसरे नंबर पर भारतीय टीम के स्टार ओपनर संजू सैमसन हैं। संजू ने भले ही इस टूर्नामेंट में सिर्फ 5 मैच खेले हों, लेकिन नॉकआउट मुकाबलों में उनका बल्ला खूब बोला। उन्होंने 5 पारियों में 80 की शानदार औसत से 321 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 199.37 का रहा। इन पारियों में उनके नाम तीन अर्धशतक भी दर्ज हैं।
3 मिचेल मार्श
तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श हैं। हालांकि ऑस्ट्रेलियाई टीम सुपर-8 चरण में ही बाहर हो गई थी, लेकिन मार्श ने अपने खेल से जरूर छाप छोड़ी। उन्होंने 2 पारियों में 118 रन बनाए और दोनों में अर्धशतक लगाया। उनका स्ट्राइक रेट 196 का रहा, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी को दर्शाता है।
4 ईशान किशन
इस लिस्ट में चौथे स्थान पर भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन हैं। ईशान ने इस टूर्नामेंट में 9 पारियों में 317 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 193.29 का रहा। उनकी पारियों में तीन अर्धशतक भी शामिल रहे। उन्होंने कई अहम मौकों पर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
Also Read: LIVE Cricket Score
5 जॉर्ज डॉकरेल
पांचवें नंबर पर आयरलैंड के बल्लेबाज जॉर्ज डॉकरेल का नाम आता है। उन्होंने भले ही सिर्फ 3 मैच खेले हों, लेकिन 188.88 के स्ट्राइक रेट से 85 रन बनाकर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी की झलक जरूर दिखाई। उनकी सबसे बड़ी पारी 41 रन की रही।