आईपीएल 2026 से पहले मुंबई इंडियंस की संभावित प्लेइंग इलेवन को लेकर चर्चा तेज हो गई है। टीम इंडिया के पूर्व स्पिनर हरभजन सिंह ने उन चार विदेशी खिलाड़ियों के नाम बताए हैं जिन्हें वह मुंबई की प्लेइंग इलेवन में देखना चाहते हैं। हरभजन के मुताबिक सही कॉम्बिनेशन के साथ मुंबई इंडियंस इस सीजन में फिर से खिताब की बड़ी दावेदार बन सकती है।
आईपीएल 2026 के शुरू होने से पहले सभी फ्रेंचाइजी अपनी-अपनी रणनीतियां तय करने में जुटी हुई हैं। पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस पिछले सीजन में टीम चौथे स्थान पर रही थी, लेकिन इस बार उनका लक्ष्य रिकॉर्ड छठी ट्रॉफी जीतना है।
मुंबई इंडियंस अपना पहला मुकाबला 29 मार्च 2026 को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगी। टीम की कमान एक बार फिर हार्दिक पांड्या के हाथों में है, जबकि रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव और जसप्रीत बुमराह जैसे अनुभवी खिलाड़ी टीम की ताकत बने हुए हैं।
इसी बीच भारत और मुंबई इंडियंस के पूर्व ऑफ स्पिनर हरभजन सिंह ने स्टार स्पोर्ट्स पर बातचीत करते हुए मुंबई इंडियंस की प्लेइंग इलेवन में विदेशी खिलाड़ियों के कॉम्बिनेशन को लेकर अपनी राय दी। हरभजन के मुताबिक टीम को एक विकेटकीपर बल्लेबाज के साथ शुरुआत करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि क्विंटन डी कॉक या फिर रयान रिकेल्टन में से किसी एक को ओपनिंग के लिए मौका मिल सकता है। इसके बाद गेंदबाजी में हरभजन सिंह ने ट्रेंट बोल्ट और अल्लाह गजनफर को टीम के लिए सबसे अहम विदेशी खिलाड़ी बताया। उनके मुताबिक ये दोनों गेंदबाज मुंबई इंडियंस के लिए बड़ा फर्क पैदा कर सकते हैं।
चौथे विदेशी खिलाड़ी के तौर पर हरभजन सिंह ने शेरफेन रदरफोर्ड और विल जैक्स में से किसी एक को मौका देने की बात कही। उन्होंने कहा कि अगर पिच स्पिन के लिए मददगार हो, जैसे चेन्नई में अक्सर देखने को मिलता है, तो विल जैक्स बेहतर विकल्प हो सकते हैं क्योंकि वह बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी में भी योगदान दे सकते हैं। वहीं अन्य परिस्थितियों में शेरफेन रदरफोर्ड भी टीम के लिए उपयोगी साबित हो सकते हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
आईपीएल 2026 के लिए मुंबई इंडियंस की टीम:
हार्दिक पांड्या, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, मिचेल सैंटनर, ट्रेंट बोल्ट, विल जैक्स, क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेल्टन, शार्दुल ठाकुर, एएम गजनफर, अश्विनी कुमार, कॉर्बिन बॉश, दीपक चाहर, मयंक मार्कंडे, नमन धीर, रघु शर्मा, राज अंगद बावा, रॉबिन मिंज, शेरफेन रदरफोर्ड, डैनिश मालेवार, अथर्व अंकोलेकर, मयंक रावत और मोहम्मद इज़हार।