ACC Women’s Premier Cup 2026, UAE-W vs KSA-W: एसीसी महिला प्रीमियर कप 2026 में यूएई महिला टीम ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने क्रिकेट फैंस को हैरान कर दिया। सऊदी अरब को महज 27 रन पर ऑलआउट करने के बाद यूएई ने लक्ष्य सिर्फ 5 गेंदों में हासिल कर लिया।
एसीसी महिला प्रीमियर कप 2026 में बुधवार (3 जून) को यूएई महिला टीम ने इतिहास रच दिया। मलेशिया में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के दूसरे मुकाबले में यूएई ने सऊदी अरब को एकतरफा अंदाज में हराकर रिकॉर्ड बुक में जगह बना ली।
पहले बल्लेबाजी करते हुए सऊदी अरब की पूरी टीम सिर्फ 27 रन पर ढेर हो गई। यूएई के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और सऊदी अरब का कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू सका। सुरक्षा कोट्टे, हीना होटचंदानी और कप्तान ईशा ओज ने 3-3 विकेट झटककर सऊदी अरब की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।
28 रन के छोटे से लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूएई की टीम ने इसे महज 5 वैध गेंदों में हासिल कर लिया। टीम ने बिना कोई विकेट गंवाए मुकाबला अपने नाम किया। कप्तान ईशा ओजा ने 5 गेंदों में नाबाद 15 रन बनाए, जबकि तीर्था सतीश ने अपनी एकमात्र गेंद पर चौका जड़ा। इस दौरान सऊदी अरब की ओर से 7 वाइड और एक नो-बॉल भी फेंकी गई, जिसने यूएई की राह और आसान कर दी।
यह महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास की संयुक्त रूप से दूसरी सबसे बड़ी जीतों में से एक बन गई। गेंदों के हिसाब से सबसे तेज जीत का रिकॉर्ड अभी भी रवांडा, तंजानिया और थाईलैंड के नाम है, जिन्होंने सिर्फ 4 वैध गेंदों में लक्ष्य हासिल किया था। UAE अब उन चुनिंदा टीमों की लिस्ट में शामिल हो गई है जिन्होंने 5 गेंदों के अंदर मैच समाप्त किया।
महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज जीत दर्ज करने वाली टीमें:
- रवांडा - 7 रन का लक्ष्य, 4 गेंद में बनाम माली
- तंजानिया - 12 रन का लक्ष्य, 4 गेंद में बनाम माली
- थाईलैंड - 10 रन का लक्ष्य, 4 गेंद में बनाम फिलीपींस
- नेपाल - 17 रन का लक्ष्य, 5 गेंद में बनाम मालदीव
- यूएई - 28 रन का लक्ष्य, 5 गेंद में बनाम सऊदी अरब
Also Read: LIVE Cricket Score
इस जीत के साथ UAE का नेट रन रेट 34.650 तक पहुंच गया है, जो टूर्नामेंट में आगे चलकर काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। हालांकि टीम का काम अभी खत्म नहीं हुआ है।