आईपीएल 2026 में अपने धमाकेदार प्रदर्शन से सभी का दिल जीतने वाले वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के फैंस से एक खास वादा किया है। टीम इस सीजन ट्रॉफी जीतने से चूक गई, लेकिन युवा बल्लेबाज ने अगले साल के लिए खास संदेश दिया है।
15 वर्षीय इस बल्लेबाज ने भरोसा जताया कि जो सपना टीम इस साल पूरा नहीं कर पाई, उसे अगले सीजन में जरूर पूरा करने की कोशिश करेगी। दरअसल, राजस्थान रॉयल्स ने सोमवार (1 मई) को अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें सीजन खत्म होने के बाद खिलाड़ी अपने घर लौटने से पहले टीम और फैंस के लिए संदेश देते नजर आए। इसी दौरान वैभव सूर्यवंशी से भी उनके अनुभव और फैंस के लिए संदेश के बारे में पूछा गया।
वैभव ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स का ड्रेसिंग रूम उनके लिए परिवार की तरह है और वह अपने साथियों को काफी मिस करेंगे। उन्होंने कहा, "मैं यहां सभी को मिस करूंगा। टीम का हर खिलाड़ी मेरे परिवार जैसा है और मैं सभी के साथ बिताए गए पलों को हमेशा याद रखूंगा।"
जब उनसे फैंस के लिए कोई संदेश देने को कहा गया तो वैभव ने राजस्थान समर्थकों को उम्मीद से भरा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि टीम अगले साल वह काम पूरा करने की कोशिश करेगी जो इस बार अधूरा रह गया।
वैभव ने कहा, "फैंस के लिए मेरा सिर्फ यही संदेश है कि जो इस साल नहीं हो पाया, उम्मीद है कि हम अगले साल उसे पूरा करेंगे और राजस्थान रॉयल्स के लिए दूसरी आईपीएल ट्रॉफी जीतेंगे।"
VIDEO:
Heading home with a heart full of gratitude, a season full of memories and a goal to come back soon to fulfill for you. pic.twitter.com/jSd5EhGWUY
Rajasthan Royals (rajasthanroyals) June 1, 2026
गौरतलब है कि राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल इतिहास में अब तक सिर्फ एक बार खिताब जीता है। टीम ने साल 2008 में शेन वॉर्न की कप्तानी में टूर्नामेंट का पहला संस्करण अपने नाम किया था। इसके बाद से राजस्थान कई बार प्लेऑफ तक पहुंची, लेकिन दूसरी ट्रॉफी जीतने का सपना अब तक अधूरा है।
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम लीग चरण में 14 में से 8 मैच जीतकर प्लेऑफ में पहुंची। उसने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर क्वालीफायर-2 तक का सफर तय किया, लेकिन वहां गुजरात टाइटंस के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा।
Also Read: LIVE Cricket Score
वहीं वैभव सूर्यवंशी का यह सीजन ऐतिहासिक रहा। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237 का रहा। युवा बल्लेबाज ने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए। पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से 72 छक्के निकले और शानदार प्रदर्शन के दम पर उन्होंने ऑरेंज कैप भी अपने नाम की।