भारतीय टीम में डेब्यू की दहलीज पर खड़े वैभव सूर्यवंशी के परिवार से एक और क्रिकेट स्टार उभरता नजर आ रहा है। वैभव के छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने बिहार के एक लोकल मैच में विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए शानदार शतक जड़ दिया।
आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। इसी बीच अब उनके छोटे भाई आशीर्वाद सूर्यवंशी ने भी अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी से लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। महज 10 साल के आशीर्वाद सूर्यवंशी ने बिहार में खेले गए एक लोकल मैच में शानदार 168 रन की पारी खेलकर तहलका मचा दिया। यह पारी उन्होंने सिर्फ 119 गेंदों में खेली, जिसमें 19 चौके और 6 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 141.18 की रही।
आशीर्वाद ने यह पारी ऋषभ इलेवन की ओर से खेलते हुए रौशन इलेवन के खिलाफ खेली। उनकी विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 40 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 311 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। आशीर्वाद की इस शानदार पारी को उनके बड़े भाई वैभव सूर्यवंशी ने भी खास अंदाज में सेलिब्रेट किया। वैभव ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर स्कोरकार्ड शेयर करते हुए छोटे भाई की तारीफ की।
Vaibhav Sooryavanshi’s brother Ashirvad is smashing hundreds. pic.twitter.com/b1PANkMGNB
Mufaddal Vohra (mufaddal_vohra) June 24, 2026
यह पहली बार नहीं है जब आशीर्वाद ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया हो। इसी महीने उन्होंने क्रिकेट अकादमी ताजपुर के लिए खेलते हुए 87 गेंदों में 103 रन की शानदार पारी खेलकर अपना पहला शतक भी जड़ा था। जहां वैभव सूर्यवंशी बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं और आईपीएल 2026 में ऑरेंज कैप जीतकर सुर्खियों में आए थे, वहीं आशीर्वाद दाएं हाथ के ओपनिंग बल्लेबाज हैं। इसके अलावा वह दाएं हाथ से मध्यम गति की गेंदबाजी भी करते हैं।
हालांकि दोनों भाई अलग-अलग हाथ से बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन उनके खेलने का अंदाज काफी हद तक एक जैसा ही माना जाता है। दोनों आक्रामक क्रिकेट खेलने के लिए जाने जाते हैं और बिहार में एक ही माहौल में ट्रेनिंग करते हुए बड़े हुए हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
आशीर्वाद के पिता संजीव सूर्यवंशी पहले ही कह चुके हैं कि वह अपने छोटे बेटे को भी अगले दो वर्षों में बड़े स्तर पर क्रिकेट खेलते देखना चाहते हैं। जिस तरह की बल्लेबाजी आशीर्वाद इस समय कर रहे हैं, उसे देखकर यह कहना गलत नहीं होगा कि सूर्यवंशी परिवार से भारतीय क्रिकेट को एक और बड़ा सितारा मिल सकता है।