न्यूज़ीलैंड को दूसरे टेस्ट की पहली पारी में 259 रनों पर समेटने के बाद भारतीय टीम को एक अच्छी शुरुआत की दरकार थी लेकिन इस मैच में भी भारतीय टॉप ऑर्डर ने धोखा दे दिया। ताजा समाचार लिखे जाने तक भारत ने अपने 4 विकेट सिर्फ 70 रन पर गंवा दिए। भारत के स्टार बल्लेबाज़ विराट कोहली से सबसे ज्यादा उम्मीदें थी लेकिन वो भी पहली पारी में फुलटॉस गेंद पर बोल्ड हो गए।

Advertisement

विराट कोहली ने आउट होने से पहले एक रन बनाया। मिचेल सैंटनर ने भी नहीं सोचा था कि उन्हें विराट कोहली का बड़ा विकेट एक फुलटॉस बॉल पर मिल जाएगा। भारतीय पारी के 24वें ओवर की चौथी बॉल पर विराट एक फुलटॉस बॉल को खेलने से चूक गए और उनकी गिल्लियां बिखर गई। बोल्ड होने के बाद खुद कोहली को भी यकीन नहीं हुआ कि वो कैसे आउट हो गए। उनके इस विकेट का वीडियो आप नीचे देख सकते हैं।

Advertisement

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी करते हुए न्यूजीलैंड को पहले दिन 259 रनों पर ढेर कर दिया। दूसरे टेस्ट के लिए टीम इंडिया ने ऑफ स्पिनर वाशिंगटन सुंदर को टीम में जोड़ा था जो कि एक दम सही फैसला साबित हुआ। इस मुकाबले के पहले दिन वाशिंगटन सुंदर ने अपनी बॉलिंग से धमाल मचा दिया और न्यूजीलैंड की पहली इनिंग के दौरान 23.1 ओवर गेंदबाज़ी करके महज़ 59 रन देकर 7 विकेट चटकाए। इतना ही नहीं, सुंदर के अलावा अश्विन ने 3 विकेट चटकाए, यानी न्यूजीलैंड की पूरी टीम सिर्फ दो ऑफ स्पिनर के सामने ही घुटने पर आ गई।

पुणे में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने का फैसला किया था जिसके बाद टीम के सलामी बल्लेबाज़ डेवोन कॉनवे और पिछले मैच के हीरो रचिन रविंद्र ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। कॉनवे ने 141 गेंदों का सामना किया और 11 चौके मारते हुए 76 रन जोड़े, वहीं रचिन रविंद्र ने 105 गेंदों पर 65 रनों का योगदान किया। इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा मिचेल सेंटनर ने आठवें नंबर पर बैटिंग करते हुए 51 बॉल पर 33 रनों की पारी खेली, लेकिन टीम का दूसरा कोई भी खिलाड़ी ज्यादा देर मैदान पर टिक नहीं सका जिस वजह से न्यूजीलैंड अपनी पहली इनिंग में सिर्फ 79.1 ओवर खेलकर 259 रन ही जोड़ पाई।

लेखक के बारे में

Shubham Yadav
Shubham Yadav - A cricket Analyst and fan, Shubham has played cricket for the state team and He is covering cricket for the last 5 years and has worked with Various News Channels in the past. His analytical skills and stats are bang on and they reflect very well in match previews and article reviews Read More
ताजा क्रिकेट समाचार