रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने वड़ोदरा के बीसीए स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स (DC) को 6 विकेट से हराकर WPL 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। ये दूसरी बार है जब आरसीबी ने खिताब अपने नाम किया है। इस जीत के साथ ही आरसीबी ने IPL और WPL में एक दुर्लभ फ्रेंचाइज़ी हैट्रिक पूरी कर ली जिससे वो एक ही समय पर दोनों ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बन गई।
इस ऐतिहासिक जीत पर फ्रेंचाइजी के दिल की धड़कन विराट कोहली ने भी इमोशनल रिएक्शन दिया है। कोहली ने आरसीबी की टीम और कप्तान स्मृति मंधाना की जमकर तारीफ करते हुए कहा, "फिर से चैंपियन। RCB का झंडा ऊंचा लहरा रहा है और ये कुछ ऐसा है जिस पर आप सभी को गर्व हो सकता है। स्मृति और पूरी टीम और मैनेजमेंट टीम को इस शानदार जीत के लिए बहुत-बहुत बधाई। आप लोग इसके हकदार हैं, इसमें कोई शक नहीं। इस पल का आनंद लें और हमारे शानदार फैंस के प्यार को महसूस करें।"
इस मैच की बात करें तो पहले बल्लेबाजी का न्यौता मिलने के बाद दिल्ली ने 4 विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए। जिसमें कप्तान जेमिमा रोड्रिग्स ने 37 गेंदों में 57 रन की पारी खेली। इसके अलावा लौरा वोल्वाड्ट ने 25 गेंदों में 44 रन, लिजेल ली ने 30 गेंदों में 37 रन और चिनेल हेनरी ने 15 गेंदों में नाबाद 35 रन की तूफानी पारी खेली।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरूआत खराब रही र 9 रन के कुल स्कोर पर ग्रेस हैरिस के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद मंधाना और वोल ने पारी को संभाला और दूसरे विकेट के लिए 92 गेंदों मे 165 रन की तूफानी साझेदारी की। मंधाना ने 41 गेंदों में 87 रन बनाए, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के जड़े। वहीं वोल ने 54 गेंदों में 14 चौकों की बदौलत 79 रन की पारी खेली। जिसकी बदौलत आरसीबी ने 2 गेंद बाकी रहते हुए जीत हासिल कर ली। दिल्ली के लिए चिनेल हेनरी ने 2 विकेट, नंदिनी शर्मा और मिन्नू मणि ने 1-1 विकेट लिया।