Virat Kohli Little Fan Video: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bengaluru) के दिग्गज बल्लेबाज़ विराट कोहली (Virat Kohli) ने अनजाने में अपने एक नन्हे फैन का दिल तोड़ दिया जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। दरअसल, विराट का एक नन्हा फैन उनसे ऑटोग्राफ लेना चाहता था, लेकिन कई बार कोशिश करने के बावजूद उसे विराट का ऑटोग्राफ नहीं मिला। यही वज़ह है वो बुरी तरह टूट गया और फूट-फूटकर रोने लगा।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, सोशल मीडिया पर इन दिनों एक 33 सेकंड का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक छोटा फैन विराट कोहली को देखते ही उत्साहित होकर उनकी ओर भागने की कोशिश करता है। तभी सुरक्षाकर्मी उसे बीच में ही रोक देते हैं। बच्चा बार-बार विराट कोहली को आवाज लगाकर रोकने की कोशिश करता है, लेकिन शोर-शराबे और भीड़ के बीच उस बच्चे की आवाज विराट तक नहीं पहुंच पाती और विराट वहां से आगे बढ़ जाते हैं।
ये सब होता देख वो नन्हा फैन काफी नाराज और निराश हो जाता है। इसी के बाद वो जोर-जोर से रोना शुरू कर देता है और गुस्से में अपना बैट, जिस पर वो विराट के साइन लेना चाहता था, उसे जमीन पर पटक देता है। आप ये वीडियो नीचे देख सकते हो।
बताते चलें कि भले ही विराट ने अनजाने में नन्हे फैन का दिल तोड़ दिया हो, लेकिन IPL 2026 में वो रनों का अंबार लगाकर अपने करोड़ों फैंस का दिल जीत रहे हैं। खास बात तो ये है कि वो सीजन में RCB के लिए अब तक सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं और उनके नाम 8 मैचों में 58.50 की औसत और 162.50 की स्ट्राइक रेट से 351 रन दर्ज हैं।
वो ऑरेंज कैप की रेस में भी पूरी तरह बने हुए हैं और फिलहाल चौथे पायदान पर हैं। इस लिस्ट में उनसे ऊपर फिलहाल सनराइजर्स हैदराबाद के अभिषेक शर्मा (8 मैचों में 380 रन), दिल्ली कैपिटल्स के केएल राहुल (8 मैचों में 358 रन) और राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी (8 मैचों में 357 रन) ही हैं।
Also Read: LIVE Cricket Score
बताते चलें कि 37 साल के विराट इंडियन प्रीमियर लीग में अपने 9000 रन पूरे कर चुके हैं और वो ऐसा करने वाले IPL इतिहास के पहले खिलाड़ी हैं। उन्होंने 275 मैचों में अब तक 8 सेंचुरी और 66 हाफ सेंचुरी ठोककर 9,012 रन बनाए हैं।